शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 20 अप्रैल 2014 (14:29 IST)

मिशेल ओबामा से पेटा की भावुक अपील

मिशेल ओबामा से पेटा की भावुक अपील -
FILE
नई दिल्ली। कल व्हाइट हाउस में होने वाले 'वार्षिक ईस्टर एग रोल' कार्यक्रम को देखते हुए जानवरों के अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन पेटा की ओर से एक वीडियो में तीन युवतियों ने अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा से भावुक अपील की है।

लड़कियों ने अमेरिका की प्रथम महिला से असली अंडों की बजाए दोबारा इस्तेमाल में लाए जा सकने वाले प्लास्टिक के अंडों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

लड़कियों ने वीडियो में कहा है, मिशेल ओबामा, हमें बातचीत करने की जरूरत है। यूट्यूब पर डाले गए 1 मिनट 20 सेकंड के वीडियो में एक लड़की ने कहा, मैं नाराज नहीं हूं। मैं केवल निराश हूं। गौरतलब है कि 'व्हाइट हाउस ईस्टर एग रोल' कार्यक्रम 1878 से चलता आ रहा है। इस कार्यक्रम की शुरुआत ईस्टर के बाद हर सोमवार को वॉशिंगटन में बच्चों के कैपिटोल हिल पहुंचने और अंडों को घास पर लुढ़काने एवं दूसरी गतिविधियों के साथ शुरू हुई थी।

ईस्टर रोल कार्यक्रम में बच्चे घास पर अंडे लुढ़काते हैं और कई दूसरी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। 1878 में तत्कालीन राष्ट्रपति हैंस की पहल पर कार्यक्रम व्हाइट हाउस में आयोजित किया जाने लगा। तब से हर साल व्हाइट हाउस बच्चों के लिए अपने बगीचे में यह कार्यक्रम आयोजित करता आया है।

एक दूसरी लड़की ने कहा, प्रथम महिला आप असली अंडों के साथ एक बार फिर 'ईस्टर एग रोल' की योजना बना रही हैं। हर प्रथम महिला ऐसा करती आई है, इसलिए जरूरी नहीं कि आप भी ऐसा करें। अगर बाकी प्रथम महिलाएं पुल से कूदतीं तो क्या आप भी ऐसा करतीं? उसने कहा, आप अगुआ बनें, हम जानते हैं कि आप बन सकती हैं। आप इससे बेहतर हैं। हर साल 7000 अंडों का इस्तेमाल किया जाता रहा है। अब तक अनगिनत अंडे हो चुके होंगे। एक बार रूक के सोचें, कितने चूजों को मरना पड़ा होगा।

तीसरी लड़की ने विकल्प देते हुए कहा, मुझे इससे कोई मतलब नहीं कि इसे किसने शुरू किया, मैं इतना जानती हूं कि आप इसे खत्म कर रही हैं। हम प्लास्टिक के अंडों का इस्तेमाल कर सकते हैं और इन्ही अंडों को अगली बार भी इस्तेमाल में लाया जा सकता है। इसमें बर्बादी नहीं होगी और किसी चूजे को मरना नहीं होगा। एक दिन आप मेरा शुक्रिया अदा करेंगीं, मुझे आपमें भरोसा है। (भाषा)