थाईलैंड की तीन लड़कियों को छात्र वीजा पर आस्ट्रेलिया बुलाने और सिडनी के एक चकलाघर में इन्हें देह व्यापार का धंधा करने के लिए मजबूर करने वाले एक व्यक्ति को इस मामले में आज आरोपित किया गया।
आस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस ने बताया कि 42 वर्षीय इस व्यक्ति को एक गुप्त सूचना के आधार पर सिडनी में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक महिलाओं ने बताया कि वे छात्र वीजा पर आस्ट्रेलिया आई थी लेकिन यहां पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट छीन लिए गए और उन्हें चकलाघर ले जाया गया, जहां उन्हें उनकी मर्जी के खिलाफ रखा गया।
इस व्यक्ति पर मानव तस्करी और वेश्यावृति कराने सहित आठ आरोप लगाए गए हैं, जिसके लिए उसे 20 साल तक की जेल की सजा हो सकती है। (भाषा)