दर्जनों साइकिल सवारों ने हाथों में झंडे लिए विएतनाम की राजधानी हनोई में देश की पहली समलैंगिक परेड निकाली।
शहर के समलैंगिक और किन्नर समुदाय द्वारा आयोजित रंगबिरंगे कारवें से सजी इस परेड में पुलिस ने भी बाधा नहीं डाली और यह शांति से आगे बढ़ी।
इसमें भाग लेने वाले काइल ट्रान ने कहा कि अलग-अलग यौन पहचान वाले लोगों के साथ भेदभाव बंद किया जाना चाहिए। मैं स्वाभाविक प्रवृति का हूं पर मेरी बहन समलैंगिक है।
मीडिया में समलैंगिकों को हास्यास्पद किरदार के तौर पर पेश किया जाता है या ऐसी समस्या से पीड़ित बताया जाता है जिसका इलाज संभव नहीं।
पर पिछले दिनों न्याय मंत्री हा हुंग कुओंग ने आश्चर्यचकित करते हुए कहा कि समलैंगिक विवाह को अनुमति देने के लिए कानून में परिवर्तन की आवश्यकता है।
परेड में भाग लेने वाली एक कार्यकर्ता ने बताया कि अब देश में समलैंगिकों के अधिकारों को लेकर भी ध्यान दिया जा रहा है। (भाषा)