राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार मिट रोमनी द्वारा विदेश नीति पर दिए गए भाषण ने अमेरिकी उप राष्ट्रपति जो बिडेन को खासा नाराज कर दिया है। बिडेन ने भाषण पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह सिर्फ बयानबाजी और धमकी भरा था।
बिडेन ने कहा है कि आज गर्वनर रोमनी के पास अपने बहुप्रतीक्षित विदेश नीति दृष्टिकोण और एजेंडे को पेश करने का सुनहरा मौका था। उनके पास एक मौका था कि वह बताते कि वह कमांडर इन चीफ की तरह कैसे काम करेंगे।
इसके बजाय हम लोग सुन रहे हैं कि गर्वनर रोमनी सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं और धमका रहे हैं। वह बिना कोई विकल्प मुहैया कराए राष्ट्रपति की नीतियों की आलोचना कर रहे हैं।
ओबामा की विदेश नीति का मजबूती से बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों में वह अमेरिका के दुश्मनों से सीधे मुकाबला कर रहे हैं। अल कायदा से टक्कर ले रहे हैं और ओसामा बिन लादेन का खात्मा कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने ईराक में दायित्वपूर्वक युद्ध समाप्त किया और उनका अफगानिस्तान में भी ऐसा ही करने की योजना है।
बिडेन ने कहा कि ओबामा ने अपने साहसी फैसलों से हमारी अर्थव्यवस्था को ढहने से बचाया और ऑटोमोबाइल क्षेत्र को नई जिंदगी दी, जिससे हम विदेशों में मजबूत हुए हैं। राष्ट्रपति ओबामा के नेतृत्व के कारण ओसामा मारा गया और जनरल मोटर्स जिंदा है। (भाषा)