गणतंत्र दिवस | राष्ट्रीय | अंतरराष्ट्रीय | यूथ मीटर | नक्सलवाद | जनगणना 2011 | प्रादेशिक | युवा
मुख पृष्ठ » खबर-संसार » समाचार » अंतरराष्ट्रीय » पेशावर बस स्टैंड पर धमाका, 12 की मौत
FILE
पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के पेशावर शहर में गुरुवार को बस अड्डे पर हुए एक कार बम विस्फोट में दो बच्चों सहित कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 36 अन्य घायल हो गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस अड्डे के गेट के पास खड़ी एक कार में 40 किलोग्राम टीएनटी विस्फोटक छिपाकर रखा गया था। विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और इससे घटनास्थल पर एक बड़ा गड्ढा बन गया।

जिला प्रशासन के प्रमुख सिराज अहमद खान ने बताया कि यह एक कार बम हमला था। कुल 12 लोगों की मौत हुई है। अन्य अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

स्थानीय निवासी घायलों को निजी वाहनों में लेडी रीडिंग अस्पताल ले गए। अस्पताल में अधिकारियों ने बताया कि 36 घायल लाए गए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस अड्डे पर मानव अंग इधर उधर बिखरे पड़े थे। विस्फोट में 15 से अधिक वाहन नष्ट हो गए और आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए।

सुरक्षाकर्मियों ने क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। एक बम निष्क्रिय दस्ता इलाके पर पहुंच गया है और बस टर्मिनल में सभी बसों की तलाशी ली गई। टेलीविजन के फुटेज में टर्मिनल की कई खाक हो चुकी बसों को दिखाया गया है।

किसी गुट ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। ऐसे हमलों के लिए आमतौर पर पाकिस्तानी तालिबान को जिम्मेदार समझा जाता है। बस टर्मिनल पेशावर के व्यस्ततम टर्मिनलों में एक माना जाता है और विस्फोट के वक्त वहां काफी लोग थे। (भाषा)
संबंधित जानकारी
WebduniaWebdunia