गणतंत्र दिवस | राष्ट्रीय | अंतरराष्ट्रीय | यूथ मीटर | नक्सलवाद | जनगणना 2011 | प्रादेशिक | युवा
मुख पृष्ठ » खबर-संसार » समाचार » अंतरराष्ट्रीय » पाकिस्तान में ड्रोन हमला, 10 आतंकी ढेर!
FILE
पाकिस्तान के अशांत उत्तरी वजीरिस्तान के कबाइली क्षेत्र में एक परिसर को निशाना बनाकर किए गए अमेरिकी ड्रोन के हमले में दस लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने हमले की जानकारी देते हुए कहा कि मारे गए लोग संदिग्ध आतंकी थे।

अधिकारियों ने टीवी समाचार चैनलों को बताया कि इस मानवरहित जासूसी विमान ने उत्तरी वजीरिस्तान के मुख्य शहर मिरनशाह से 10 किलोमीटर दूर तापी इलाके के एक परिसर में दो मिसाइल दागे।

सुबह सात बजे हुए इस हमले में एक परिसर ध्वस्त हो गया और कई लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीक के एक अस्पताल में ले जाया गया।

तापी के स्थानीय लोगों ने बताया कि आतंकियों ने एक मस्जिद के लाउडस्पीकर से घोषणा की कि मारे गए लोगों के लिए जनाजे की नमाज दोपहर को अदा की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मारे गए लोग उस क्षेत्र के रहने वाले नहीं है।

खुफिया अधिकारियों ने एक टीवी समाचार चैनल को बताया कि मारे गए लोगों के पंजाब प्रांत का निवासी होने की संभावना है। खबरों में कहा गया है कि मारे गए लोगों में मध्य एशिया से आए लड़ाके शामिल थे।

यह ड्रोन हमला इस साल हुआ ऐसा पांचवां हमला था। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कुछ ही दिनों पहले पहली बार स्वीकार किया कि अमेरिका ने पाकिस्तान के कबाइली क्षेत्रों में आतंकियों को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए हैं।

अमेरिकी अधिकारियों ने पाकिस्तान के कबाइली क्षेत्रों विशेषकर उत्तरी वजीरिस्तान को तालिबान और अलकायदा के आतंकियों का सुरक्षित पनाहगार बताया।

नाटो के हवाई हमलों के बाद से ड्रोन हमलों को लेकर पाकिस्तान में अमेरिका विरोधी भावनाएं चरम पर हैं। नवंबर में हुए नाटो के इस हमले में 24 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गयी थी। इसके बाद पाकिस्तान ने नाटो के सभी आपूर्ति मार्ग बंद कर दिए थे और अमेरिका को शम्सी हवाईअड्डा खाली करने के लिए मजबूर कर दिया। (भाषा)
WebduniaWebdunia