पाकिस्तानी अधिकारियों ने बॉलीवुड लीजेंड दिलीप कुमार का पेशावर स्थित घर तीन करोड़ रुपए में खरीद लिया और उसे एक धरोहर स्थल घोषित कर दिया।
दिलीप कुमार के फिल्मी नाम से मशहूर मोहम्मद यूसुफ खान का जन्म 11 दिसंबर 1922 को पेशावर में किस्सा ख्वानी बाजार के मोहल्ला खुदादार स्थित अपने पैतृक निवास पर हुआ था।
समाचार चैनल जिओ न्यूज की एक रिपोर्ट में अधिकारियों ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के संस्कृति विभाग ने हाल ही में दिलीप कुमार का घर उसके मालिक से तीन करोड़ रुपए में खरीद लिया और उसे एक धरोहर स्थल घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि छह कमरों वाली तीन मंजिला इमारत की मरम्मत दो माह में शुरू हो जाएगी और उसे आम लोगों को लिए खोल दिया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार दिलीप कुमार के रिश्तेदार करीब आठ साल पहले तक इस मकान में रहते थे। उन्होंने एक स्थानीय निवासी को 56 लाख रुपए में यह इमारत बेच दी थी। (भाषा)