इस्लामाबाद/लाहौर, शुक्रवार, 3 फरवरी 2012( 20:46 IST )
FILE
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने न्यायपालिका के साथ किसी तरह का टकराव नहीं करने पर जोर देते हुए कहा है कि वह देश के उच्च न्यायालय के फैसलों का सम्मान करेंगे।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों को फिर से खोलने में गिलानी की नाकामी पर सबसे बड़ी अदालत उनको अदालती अवमानना के मामले में आरोपी बनाने की तैयारी में है।
गिलानी का यह ताजा बयान आज उस वक्त आया है, जब खबर आई कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेतृत्व ने उच्चतम न्यायालय के कदम को चुनौती देने का फैसला किया है।
लाहौर में यह पूछे जाने पर कि अदालती अवमानना के मामले में दोषी करार दिए जाने की आशंका को देखते हुए वह क्या महसूस कर रहे हैं, तो गिलानी ने कहा कि मैं अदालत के फैसले का सम्मान करूंगा। यह मामला अदालत में है और मेरे वकील इस पर बोलेंगे। गिलानी ने जोर दिया कि उनकी सरकार न्यायपालिका और किसी भी सरकारी संस्था के साथ ना तो अतीत में टकराव चाहती थी और ना ही भविष्य में ऐसा चाहती है।
माना जा रहा है कि उनके वकील एतजाज अहसन अगले कुछ दिनों में न्यायालय के आदेश के खिलाफ अपील दायर करेंगे। न्यायालय ने गिलानी को अवमानना का आरोपी बनाने के लिए 13 फरवरी को सम्मन किया है। (भाषा)