शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. लोकसभा चुनाव 2014
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: रायपुर , शुक्रवार, 18 अप्रैल 2014 (19:05 IST)

भाजपा सभी हदें पार कर रही है : सोनिया गांधी

भाजपा सभी हदें पार कर रही है : सोनिया गांधी -
FILE
रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया है कि वह प्रधानमंत्री कुर्सी पाने के लिए सभी हदें पार कर रही है।

गांधी ने शुक्रवार को सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के भटगांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति विकास के लिए होती है। लेकिन जिन्हें विकास से कोई लेना-देना नहीं है और सिर्फ सत्ता से मतलब है वे केवल सत्ता पाने की कोशिश में लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कभी उनकी सत्ता की भूख इतनी बढ़ जाती है कि वह कुर्सी के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार हो जाते हैं और इस बार ऐसा ही कुछ हो रहा है।

सोनिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर कब्जा करने के लिए सारी सीमाएं और मर्यादाएं तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। पर चिंता की बात है कि यह हमारे लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं तथा कोई जीतता है और कोई हारता है। लेकिन जीत के लिए कुछ भी करना और सच को झूठ बताना लोकतंत्र को कायम रख पाएगा या नहीं, यह सोचना होगा।

सोनिया ने सभा में मौजूद लोगों से कहा कि देश में लोकतंत्र किसी भी एक व्यक्ति के हाथ में सुरक्षित नहीं रह सकता इसलिए इस बारे में सावधान रहें। इसके लिए जनता सोच-समझकर फैसला लें।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में केंद्र में सरकार चलाई है और इस दौरान लोगों की जिंदगी में बदलाव आया है। यूपीए की सरकार ने कभी भी यह नहीं विचार किया कि किस राज्य में किस पार्टी की सरकार है। सभी राज्यों को समान रूप से सहयोग किया गया। राज्यों में विकास के लिए केंद्र सरकार ने सभी प्रकार से सहयोग किया।

उन्होंने कहा कि मनरेगा के लिए छत्तीसगढ़ को हजारों करोड़ रुपए दिए गए लेकिन यहां के लोगों को बाहर जाकर काम करना पड़ता है। केंद्र सरकार ने आदिवासियों को जमीन पर अधिकार देने के लिए कानून बनाया वहीं भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने इस राज्य में कोयले और लोहे को चंद लोगों के हवाले कर दिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा के से गरीबों के साथ रही है। गरीबों के लिए देश में खाद्य सुरक्षा कानून बनाया गया और अब गरीबों को मुफ्त इलाज और आवास देने के लिए कानून बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोगों को यह जानकारी है कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा विकास पर जोर दिया है और समाज के हर वर्ग के लिए संघर्ष किया है। यह संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस ने सरगुजा लोकसभा क्षेत्र में रामदेव राम को अपना उम्मीदवार बनाया है। (भाषा)