बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. लोकसभा चुनाव 2014
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: वाराणसी , गुरुवार, 17 अप्रैल 2014 (21:46 IST)

अजय राय के खिलाफ 9 आपराधिक मामले लंबित

अजय राय के खिलाफ 9 आपराधिक मामले लंबित -
FILE
वाराणसी। वाराणसी में भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के अजय राय ने गुरुवार अपने चुनावी हलफनामे में अपने खिलाफ विभिन्न अदालतों में लंबित नौ आपराधिक मामलों का उल्लेख किया है जिनमें दो मामले गैंगस्टर अधिनियम के तहत दर्ज हैं।

लोकसभा चुनावों के लिए राय द्वारा दाखिल हलफनामे के अनुसार इन मामलों में 42 वर्षीय राय को आरोपी बनाया गया है और अदालतों ने मामलों का संज्ञान लिया है, हालांकि किसी मामले में अदालत ने राय को दोषी करार नहीं दिया है।

राय ने अपने नाम पर करीब 42 लाख रुपए और अपनी पत्नी के नाम पर करीब 30 लाख रुपए की संपत्ति की घोषणा की है। इस तरह उनकी कुल संपत्ति 72.25 लाख रुपए है।

बाहुबली नेता ने साल 2012 में पास के पिंडरा से उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करते समय आठ आपराधिक मामलों में आरोपी होने की जानकारी दी थी। उस समय उन्होंने कुल संपत्ति करीब 84 लाख रुपए होने की घोषणा की थी।

2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अपने खिलाफ चार मामलों का जिक्र किया था और कुल 55 लाख रुपए की संपत्ति की घोषणा की थी। 2007 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 59 लाख रुपए की कुल संपत्ति का ब्योरा दिया था और तब उनके खिलाफ चार मामले दर्ज थे। किसी मामले में तब भी उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया था। उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 307, 323, 435, 452, 427, 102 और 120 समेत अन्य के तहत मामले दर्ज हैं।

राय के ताजा हलफनामे के अनुसार पिछले वित्त वर्ष में उनकी कुल आय 3.38 लाख रुपए थी जबकि उनकी पत्नी की कमाई लगभग 8.7 लाख रुपए थी।

राय के पास कुल 2 लाख रुपए नकद, उनकी पत्नी के पास एक लाख रुपए नकद और बेटी के पास 5000 रुपए नकद हैं। राय का कोई सोशल मीडिया अकाउंट नहीं है। उन्होंने 1998 में खरीदी टाटा सफारी गाड़ी की जानकारी दी है। (भाषा)