शिक्षा के प्रसार के लिए अध्यापकों की संख्या बढ़ाने के मकसद को प्राथमिकता देते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को घोषणा की कि राज्य सरकार साठ हजार नए शिक्षकों की नियुक्ति करेगी।
बनर्जी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर यहां नेताजी इंडोर स्टेडियम में लगभग 100 शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि सरकार लड़कियों के लिए एक कॉलेज और डायमंड हार्बर में उनके लिए विश्वविद्यालय स्थापित करने पर विचार कर रही है।
उन्होंने छात्रों पर पाठ्यक्रम का बोझ कम करने की जरूरत बताते हुए कहा कि अध्यापक हमारे राष्ट्र निर्माता हैं। हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं कि उन्हें समय पर वेतन और पेंशन मिले। (वार्ता)