पूंजी निकासी और आयातकों की अमेरिकी डॉलर की मांग बढ़ने के मद्देनजर रुपया 57 पैसे फिसलकर 57.11 के नए रिकॉर्ड न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया।
इसके अलावा यूरो के मुकाबले डॉलर में मजबूती ने भी रुपए पर दबाव डाला। वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी से जब इस बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि हां मुझे पता है कि रुपया गिर रहा है। वित्त मंत्री का यह बयान निवेशकों को निराश कर सकता है।
रुपया कल के कारोबार के दौरान 56.57 के अब तक के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया था। बाद में रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप के बाद रुपए में सुधार हुआ। रुपया कल 15 पैसे की गिरावट के साथ 56.30 पर बंद हुआ था।
इस बीच बंबई स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क सेंसेक्स 129.23 अंक या 0.76 फीसदी गिरकर 16,903.33 पर पहुंच गया। (भाषा)