बाजार केंद्रित प्रभावशाली समाचार पत्र और वेबसाइट बैरंस की टिप्पणी के बाद सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। बैरोनस ने कहा है कि फेसबुक के शेयर गिरकर 15 डॉलर के स्तर पर आ जाएंगे।
इस टिप्पणी के बाद फेसबुक के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और एक समय इसके शेयर 20.36 डॉलर के निचले स्तर पर पहुंच गए। बाद में यह 9.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 20.79 डालर पर बंद हुआ।
बैरंस द्वारा प्रकाशित खबर में कहा गया है कि दुनिया की सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट के शेयरों की कीमत अब भी अधिक हैं। हालांकि फेसबुक के शेयर सूचीबद्ध होने के बाद निर्गम मूल्य के मुकाबले करीब आधे मूल्य स्तर पर रह गए हैं।
बैरंस ने लिखा है कि मई में सूचीबद्ध होने वाले फेसबुक के शेयर में सार्वजनिक निर्गम मूल्य 38 डॉलर की तुलना में 40 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। लाखों निवेशक एक ही प्रश्न पूछ रहे हैं : क्या इसका शेयर खरीदें? ’’ इसका ‘‘संक्षिप्त उत्तर है, नहीं। (भाषा)