बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. हरियाणा विधानसभा चुनाव 2014
Written By
Last Modified: चंडीगढ़ , रविवार, 19 अक्टूबर 2014 (19:41 IST)

हरियाणा में पहली बार भाजपा को स्पष्ट बहुमत

हरियाणा में पहली बार भाजपा को स्पष्ट बहुमत - हरियाणा विधानसभा चुनाव 2014
चंडीगढ़। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को स्पष्ट बहुमत मिल गया है और वह पहली बार अपने दम पर सरकार बनाएगी। राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 47 सीटों पर जीत ‍हासिल की। इंडियन नेशनल  लोकदल (इनेलो) 19 सीटें जीतकर दूसरे तथा कांग्रेस पार्टी 15 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रही। 
विधानसभा चुनाव के अंतिम नतीजे देर शाम घोषित हो चुके हैं। इन नतीजों में हरियाणा जनहित कांग्रेस  (एचजेसी-बीएल) को 2 और शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी को 1-1 सीट मिली हैं जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 5 सीटें गई हैं।
 
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान 11 रैलियों को संबोधित किया जिससे भाजपा को अपनी स्थिति मजबूत करने में निश्चित तौर पर बहुत मदद मिली। राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 15 अक्टूबर को हुआ था।
 
मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने मुख्य मुद्दा विकास को बनाया था जिसे मतदाताओं ने अपेक्षित महत्व नहीं दिया। पराजय स्वीकार करते हुए हुड्डा ने उम्मीद जताई कि नई सरकार राज्य में विकास की वह गति जारी रखेगी, जो पिछले 10 साल में उनकी पार्टी की सरकार के दौरान थी।
 
उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने जा रही है। मुझे उम्मीद है कि हरियाणा में विकास की गति जारी रहेगी। करीब 1 दशक से राज्य की राजनीति से बाहर रही इनेलो सीट की संख्या के आधार पर दूसरे स्थान पर रह सकती है।
 
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने रोहतक जिले की गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट पर इनेलो के सतीश कुमार नन्दाल को 47,185 मतों के अंतर से हराया। हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल) के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने हिसार जिले में आदमपुर विधानसभा सीट पर इनेलो के कुलबीर सिंह बेनीवाल को 17,249 मतों के अंतर से हराया।
 
पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा की जनचेतना पार्टी (जेसीपी), बसपा, वाम दल तथा एयर होस्टेस आत्महत्या मामले में सुनवाई का सामना कर रहे गोपाल कांडा की हरियाणा लोकहित पार्टी जैसे दल अपना खाता नहीं खोल पाए।
 
भाजपा के प्रमुख विजेताओं में अनिल विज (अंबाला केंट), नायब सिंह (नारायणगढ़), ज्ञानचंद गुप्ता (पंचकुला), कृष्ण कुमार (शाहबाद), लतिका शर्मा (कालका), कविता जैन (सोनीपत), बिशंभर सिंह (बवानी खेड़ा) और मनीष ग्रोवर (रोहतक) शामिल हैं।
 
केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की करीबी समझी जाने वाली लतिका ने इनेलो के प्रदीप चौधरी को हराया। भाजपा के मनीष ग्रोवर ने मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के करीबी और कांग्रेस के भारत भूषण बत्रा को हराया।
 
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बहन वंदना शर्मा राजनीति में भले ही नई हों, लेकिन सफीदों सीट पर वे अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रही हैं। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने ऐलनाबाद सीट पर भाजपा के पवन बेनीवाल को 11,539 मतों से हराया।
 
डबवाली सीट पर इनेलो के वरिष्ठ नेता अजय सिंह चौटाला की पत्नी नैना सिंह चौटाला ने कांग्रेस के डॉ. केवी सिंह को 8,545 मतों से हराया। गन्नौर सीट पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने इनेलो की निर्मल रानी को 7,543 मतों से हराया। हिसार सीट पर हरियाणा की मंत्री और प्रख्यात उद्योगपति तथा पूर्व सांसद नवीन जिंदल की मां सावित्री जिंदल भाजपा के डॉ. कमल गुप्ता से 13,646 मतों से हार गई।
 
करनाल सीट पर भाजपा के मनोहरलाल खट्टर ने निर्दलीय जयप्रकाश गुप्ता को 63,773 मतों के अंतर से हराया। इन्द्री विधानसभा सीट पर भाजपा के करण देव काम्बोज ने इनेलो की उषा कश्यप को 23,875 मतों के अंतर से हराया।
 
इनेलो के परमिंदर सिंह ढल ने जुलाना सीट पर कांग्रेस के धरमिंदर सिंह ढल को 22,806 मतों के अंतर से हराया। कलांवाली (सु) विधानसभा सीट पर शिरोमणि अकाली दल के बलकौर सिंह ने कांग्रेस के शीशपाल केहरवाला को 12,965 मतों के अंतर से हराया। कालका सीट पर भाजपा की लतिका शर्मा ने इनेलो के प्रदीप चौधरी को 19,027 मतों से हराया।
 
खरखौदा (सु) विधानसभा सीट पर कांग्रेस के जयवीर सिंह ने निर्दलीय पवन कुमार को 14,182 मतों से हराया। मुलाना (सु) विधानसभा सीट पर भाजपा के संतोष चौहान सरवन ने इनेलो के राजबीर सिंह को 5,649 मतों से हराया। नारायणगढ़ विधानसभा सीट पर भाजपा के नायब सिंह ने कांग्रेस के रामकिशन को 24,361 मतों से हराया।
 
नरवाना (सु) सीट पर इनेलो के पिरथी सिंह ने भाजपा की संतोष रानी को 9,152 मतों से हराया। पंचकुला सीट से भाजपा के ज्ञानचंद गुप्ता ने इनेलो के कुलभूषण गोयल को 44,602 मतों से हराया।
 
पानीपत शहर सीट से भाजपा की रोहिता रेवरी ने कांग्रेस के वीरेन्द्र कुमार शाह को 53,721 मतों से हराया। पानीपत ग्रामीण सीट पर भाजपा के महिपाल ढांडा ने निर्दलीय धारासिंह रावल को 36,123 मतों से हराया। इनेलो के जसविंदर सिंह संधु ने पिहोवा सीट पर भाजपा के जयभगवान शर्मा को 9,347 मतों से हराया।
 
पुन्हाना सीट पर निर्दलीय राहिश खान ने इनेलो के मोहम्मद इलियास को 3,141 मतों से हराया। पुन्डरी सीट पर निर्दलीय दिनेश कौशिक ने भाजपा के रणधीर सिंह गोलेन को 4,832 मतों से हराया।
 
महेंद्रगढ़ सीट पर भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने कांग्रेस के धनसिंह राव को 34,491 वोट से हराया। हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा सिरसा विधानसभा सीट से हार गए हैं। उन्हें इनेलो के माखनलाल सिंगला ने 2,938 वोट से हराया।
 
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के पोते और इनेलो प्रत्याशी दुष्यंत को उचाना कलां सीट पर भाजपा की प्रेमलता ने 7,480 वोट से हराया। प्रेमलता भाजपा के वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह की पत्नी हैं। दुष्यंत हिसार लोकसभा सीट से सांसद भी हैं।
 
राई सीट पर कांग्रेस के जय तीरथ ने इनेलो के इंद्रजीत को मात्र 3 वोट से हराया। रोहतक सीट पर भाजपा के मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस के बीबी बत्रा को 1132 वोट से हराया। शाहबाद (सु) सीट पर भाजपा के कृष्ण कुमार ने इनेलो के रामकरण को 562 मतों से हराया।
 
सोनीपत सीट पर भाजपा की कविता जैन ने कांग्रेस के देवराज दीवान को 25,810 मतों से हराया। थानेसर सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुभाष सुधा ने इनेलो के अशोक कुमार अरोड़ा को 25,638 मतों से हराया।
 
तिगांव सीट पर कांग्रेस के ललित नागर ने भाजपा के राजेश नागर को 2,938 वोट से हराया। लोहारू सीट पर इनेलो के ओमप्रकाश बारवा ने भाजपा के जयप्रकाश दलाल को 2,095 मतों से हराया।
 
नलवा सीट पर इनेलो के रणबीर गंगवा ने हजकां (बीएल) के चंद्रमोहन को 7,115 वोट से हराया। नूंह सीट पर इनेलो के जाकिर हुसैन ने कांग्रेस के आफताब अहमद को 32,796 वोट से हराया।
 
तोशाम सीट पर कांग्रेस की किरण चौधरी ने इनेलो की कमला रानी को 19,741 वोट से हराया। उकलाना (सु) सीट पर इनेलो के अनूप धानक ने भाजपा की सीमा गैबीपुर को 17,927 मतों से हराया।
 
बेरी सीट पर कांग्रेस के डॉ. रघुबीर सिंह काद्यान ने निर्दलीय छतर सिंह को 4,493 वोट से हराया। फरीदाबाद सीट पर भाजपा के विपुल गोयल ने कांग्रेस के आनंद कौशिक को 44,781 मतों से हराया।
 
हरियाणा के मंत्री और कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कैथल विधानसभा सीट पर इनेलो के कैलाश भगत को 23,675 मतों से हराया। अटेली विधानसभा सीट पर भाजपा की संतोष यादव ने इनेलो के सतबीर को 48,601 मतों से हराया।
 
बाढरा सीट पर भाजपा के सुखविंदर ने कांग्रेस के रणबीर सिंह महेंद्र को 5,006 वोट से हराया। बड़खल विधानसभा सीट पर भाजपा की सीमा त्रिखा ने कांग्रेस के महेंद्र प्रताप सिंह को 36,609 वोट से हराया।
 
बहादुरगढ़ सीट पर भाजपा के नरेश कौशिक ने कांग्रेस के राजिंदर सिंह जून को 4,882 मतों से हराया। बरौदा सीट पर कांग्रेस के श्रीकृष्ण ने इनेलो के डॉ. कपूर सिंह नरवाल को 5,183 मतों से हराया।
 
बावल (सु) सीट पर भाजपा के डा. बनवारी लाल ने इनेलो के श्याम सुंदर को 37,391 मतों से हराया। इसराना (सु) सीट पर भाजपा के कृष्णलाल पंवार ने कांग्रेस के बलबीर सिंह को 1,828 मतों से हराया।
 
जगाधरी सीट पर भाजपा के कंवर पाल ने बसपा के अकरम खान को 34,156 मतों से हराया। जींद सीट पर इनेलो के हरीचंद मिड्ढा ने भाजपा के सुरेंद्र सिंह बरवाला को 2,257 मतों से हराया।
 
कलायत सीट पर निर्दलीय भाई जयप्रकाश ने इनेलो के रामपाल माजरा को 8,390 मतों से हराया। कोशी सीट पर भाजपा के बिक्रम सिंह ठेकेदार ने इनेलो के जगदीश यादव को 10,767 मतों से हराया।
 
लडवा सीट से भाजपा के डॉ. पवन सैनी ने इनेलो की बचन कौर बादशामी को 2,992 मतों से हराया। नारनौल सीट पर भाजपा के ओमप्रकाश ने इनेलो के कमलेश को 4,573 वोट से हराया।
 
नीलोखेड़ी (सु) सीट पर भाजपा के भगवान दास कबीर ने इनेलो के मामूराम को 34,410 वोट से हराया। रानिया सीट पर इनेलो के रामचंद काम्बोज ने हरियाणा लोकहित पार्टी के गोविंद कांडा को 4,315 वोट से हराया।
 
हरियाणा जनचेतना पार्टी (वी) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा अंबाला (शहर) सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के असीम गोयल ने 23,252 मतों से हराया। रतिया (सु) सीट पर इनेलो के प्रो. रविंदर बलियाला ने भाजपा की सुनीता दुग्गल को 453 वोट से हराया।
 
यमुनानगर सीट पर भाजपा के घनश्याम दास ने इनेलो के दिलबाग सिंह को 28,245 वोट से हराया। बल्लभगढ़ सीट पर भाजपा के मूलचंद शर्मा ने कांग्रेस के लाखन कुमार सिंगला को 53,098 वोट से हराया।
 
घरौंदा सीट पर भाजपा के हरविंदर कल्याण ने इनेलो के नरिंदर सांगवान को 17,883 वोट से हराया। पटौदी (सु) सीट पर भाजपा की बिमला चौधरी ने इनेलो के गंगाराम को 38,963 वोट से हराया।
 
असंध सीट पर भाजपा के बख्शीश सिंह विर्क ने बसपा के मराठा वीरेंद्र वर्मा को 4,608 वोट से हराया। गुहला (सु) सीट पर भाजपा के कुलवंत राम बाजीगर ने कांग्रेस के दिल्लूराम को 2,440 वोट से हराया। समालखा सीट पर निर्दलीय रविंदर माछड़ौली ने कांग्रेस के धरमसिंह छोक्कर को 20,370 वोट से हराया।
 
सोहना सीट पर भाजपा के तेजपाल तंवर ने इनेलो के किशोर यादव को 24,547 वोट से हराया। टोहाना सीट पर भाजपा के सुभाष बारला ने इनेलो के निशान सिंह को 6,906 वोट से हराया। भाजपा के विजेता दिग्गजों में मनोहरलाल खट्टर प्रमुख हैं। करनाल सीट से जीते खट्टर आरएसएस से जुड़े हैं और मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार माने जाते हैं।
 
चुनाव हारने वाले दिग्गजों में दिवंगत मुख्यमंत्री बंसीलाल के पुत्र और हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रणबीर सिंह महेंद्र शामिल हैं, जो बाढरा सीट से हार गए। निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के मंत्रिमंडल के सदस्य महेंद्र प्रताप सिंह बड़खल सीट से हार गए। हुड्डा के करीबी भारत भूषण बत्रा रोहतक सीट से हार गए।
 
बादली सीट पर भाजपा के किसान मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने निर्दलीय प्रत्याशी कुलदीप वत्स को 9,266 वोट से हराया। इनेलो की राज्य इकाई के अध्यक्ष अशोक अरोड़ा को उनके ही परंपरागत गढ़ थानेसर में भाजपा प्रत्याशी सुभाष सुधा ने हराया।
 
हजकां के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई के बड़े भाई और पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन नलवा सीट से हार गए। शिरोमणि अकाली दल ने कलांवाली सीट (सु) पर अपना कब्जा बनाए रखा, जहां पार्टी प्रत्याशी बलकौर सिंह ने कांग्रेस के शीशपाल खेरवाला को हराया।
 
कलानौर (सु) सीट पर कांग्रेस की शकुंतला खटक ने भाजपा के राम अवतार वाल्मीकि को 3,972 वोट से हराया। भिवानी सीट पर भाजपा के घनश्याम सराफ ने इनेलो की निर्मला सराफ को 28,597 वोट से हराया। फतेहाबाद सीट पर इनेलो के बलवान सिंह दौलतपुरा ने हजकां-बीएल के दूरा राम को 3,505 वोट से हराया।
 
वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 40 सीटें जीती थीं जबकि इनेलो के खाते में 31, भाजपा के खाते में 4, हजकां-बीएल के खाते में 6, शिरोमणि अकाली दल और बसपा के खाते में 1-1 सीट आई थी। निर्दलीय उम्मीदवारों ने 7 सीटें जीती थीं। (भाषा)