शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

कांग्रेस के 100 उम्मीदवारों की सूची जल्द

कांग्रेस के 100 उम्मीदवारों की सूची जल्द -
FILE
नई दिल्ली। केंद्रीय चुनाव समिति की सोमवार की रात हुई बैठक के बाद कांग्रेस 100 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय करने के करीब है। हालांकि, लोकसभा के मौजूदा कांग्रेस सांसदों के भाग्य पर फैसला 21 फरवरी को संसद का चालू सत्र संपन्न होने के बाद ही लिया जाएगा।

पार्टी नेताओं ने कहा कि उत्तरप्रदेश की 20 और बिहार, कर्नाटक, ओड़िशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश तथा पूर्वोत्तर सहित कई राज्यों की अनेकों सीटों पर उम्मीदवार तय करने के मुद्दे पर आज रात हुई बैठक में चर्चा की गई।

कितने उम्मीदवारों के नाम को आज अंतिम रूप दिया गया, इस बारे में तो सूत्रों ने नहीं बताया पर उन्होंने कहा कि 100 से ज्यादा सीटों पर चर्चा हुई। राज्यों की स्क्रीनिंग कमेटी से मिली रिपोर्ट के आधार पर इस मुद्दे पर चर्चा हुई।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्यों में शामिल हैं। उम्मीदवारों के नाम पर फैसला करना इसी समिति का काम है।

उत्तरप्रदेश, बिहार और झारखंड जैसे राज्यों में गठबंधनों पर अभी फैसला न होने के कारण पार्टी नेतृत्व ऐसे राज्यों की सीटों पर विचार नहीं कर सका। इस महीने के अंत तक ज्यादातर सीटों पर उम्मीदवार तय किए जाने की संभावना है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि उन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का फैसला जल्द किया जाएगा जो अभी कांग्रेस के पास नहीं है। पार्टी को पिछले लोकसभा चुनाव में 206 सीटें हासिल हुई थीं।

संसद के चालू सत्र के दौरान किसी तरह के विवाद से बचने के लिए उम्मीदवारों के नाम पर फैसला सत्र के बाद होगा। चालू सत्र में सरकार कई अहम विधेयकों को पारित कराने पर पूरा ध्यान दे रही है।

पुणे जैसी सीटों पर दागी नेताओं का मुद्दा उठ सकता है। इस सीट से अभी सुरेश कलमाडी सांसद हैं। कलमाडी पर 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों के सिलसिले में भ्रष्टाचार के आरोप हैं। पार्टी द्वारा निलंबित कलमाडी अपनी पत्नी मीरा कलमाडी या परिवार के किसी अन्य सदस्य के लिए टिकट पाने की कोशिश में लगे हैं।

पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल चंडीगढ़ से फिर से टिकट मांग रहे हैं। उनका कहना है कि सीबीआई का निष्कर्ष है कि वह उस मामले में शामिल नहीं थे, जिसमें उनका भांजा रेलवे बोर्ड के एक सदस्य से रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था।

उम्मीदवारों का चयन जल्द करने की सिफारिश एके एंटनी समिति ने की थी। कोशिश है कि चुनाव से कम से कम दो महीने पहले उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए जाएं, जिससे उन्हें तैयारी का पूरा समय मिले। (भाषा)