शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

'आल्टरनेटिव रियलिटीज' में मु‍स्लिम महिलाओं की दास्तान

''आल्टरनेटिव रियलिटीज'' में मु‍स्लिम महिलाओं की दास्तान -
FILE
नई दिल्ली। भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश की मुस्लिम महिलाओं के जीवन की पड़ताल करती एक नई किताब आई है जिसे निगहत एम. गांधी ने लिखा है। 'आल्टरनेटिव रियलिटीज' नाम की यह किताब संस्मरण और महिलावादी आलोचनात्मक लेखन है।

लेखिका खुद इन तीनों ही देशों में रही हैं और किताब की पहली कहानी सबसे सशक्त है और यह उनके खुद के बारे में है। उनकी यह कहानी ‘द वर्क्‍स’ उनके बांग्लादेश में जन्म लेने, पाकिस्तान में पढ़ाई करने और भारत में शादी करने की कहानी है। यह एक असाधारण और किताब की सबसे बेहतरीन कहानी है।

इस कहानी में लेखिका ने कराची के एक रुढ़िवादी मुस्लिम परिवार में जन्मी मुस्लिम लड़की की अमेरिका के कॉलेज में एक भारतीय ब्राह्मण लड़के से प्रेम करने और आखिर में एक पाकिस्तानी दोस्त की मदद से कराची से लंदन भागने की रोचक और रोमांचक दास्तान के बारे में लिखा है।

किताब में और भी मजेदार कहानियां हैं जिनमें पाकिस्तान के कराची शहर के एक समलैंगिक (लेस्बियन) जोड़े और दक्षिणी सिंध प्रांत में रहने वाली निशो नाम की एक ट्रांसजेंडर की कहानी शामिल है।

कराची के इस समलैंगिक जोड़े के बारे में पहले भी लिखा जा चुका है लेकिन गांधी ने अपनी कहानी 'सिराते मुश्तकिम- द स्ट्रेट पाथ' में गहराई से उनके बारे में लिखा है। किताब की दूसरी मजेदार कहानी 'राखी सावंत ऑफ सिंध' है जिसका केंद्र ट्रांसजेंडर निशो है।

लेखिका ने लिखा है कि वे बिना बताए दक्षिणी सिंध के मीरपुर खास स्थित निशो के घर पहुंच जाती हैं। निशो और उसके दोस्त उनका बहुत सत्कार करते हैं। इसके बाद लेखिका पूरी शाम और रात सूफी शाह अब्दुल लतीफ भिताई की दरगाह पर निशो के साथ कव्वाली सुनती हैं।

निशो गांधी को बताती है कि उसका एक प्रेमी है, जो कि शादीशुदा है और एक प्रतिष्ठित परिवार से है। दोनों के बीच पिछले 7-8 साल से प्रेम संबंध हैं। गांधी की किताब से इस बात का पता चलता है कि पाकिस्तान के तनावग्रस्त इलाकों और बांग्लादेश में लेखिका बहुत ही आसानी से पहुंचने में सफल रही हैं।

गांधी, किताब में किसी भी जगह अपनी राष्ट्रीयता के बारे में नहीं बतातीं लेकिन जिस तरह उन्होंने पाकिस्तान के मीरपुर खास इलाके का वर्णन किया है, वह अद्भुत है। 'आल्टरनेटिव रियलिटीज' किताब का प्रकाशन वेस्टलैंड बुक्स ने किया है। (भाषा)