शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 29 जनवरी 2015 (22:11 IST)

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, घाटी में ताजा बर्फबारी

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, घाटी में ताजा बर्फबारी - Weather
नई दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर के साथ गुरुवार को भी कड़ाके की ठंड जारी रही, जबकि कश्मीर घाटी में फिर से बर्फबारी हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान किया।
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि आज की 29 जनवरी पिछले पांच सालों में सबसे ठंडी रही। शहर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
सुबह के समय कोहरे के कारण दिल्ली और उत्तर भारत में रेलवे यातायात प्रभावित रहा। धुंध के कारण इलाके में 70 से अधिक रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं और कुछ ट्रेनों का परिचालन का समय या तो बदला गया या रद्द किया गया।
 
जम्मू-कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी है। कश्मीर घाटी में कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। विशेष रूप से मैदानी इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी हुई और 40 दिन के कड़ाके की सर्दी के चिल्लईकलां के मौसम का अंत होना शुरू हुआ। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में 0.3 मिलीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।
 
गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा और 0.4 मिलीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां सुबह आठ बजे तक नौ सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। इसके अलावा लद्दाख में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 12.2 डिग्री सेल्सियस और कारगिल में शून्य से नीचे 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब और हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से सर्दी का प्रकोप जारी है। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा। 
 
पटियाला में न्यूनतम तापमान साढ़े चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस और हिसार में 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
राजस्थान में चुरू राज्य में सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के पहाड़ी क्षेत्र माउंट आबू में रात में तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा)