मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Shivpal Yadav, Akhilesh Yadav, Samajwadi Party
Written By
Last Updated :लखनऊ , रविवार, 23 अक्टूबर 2016 (16:13 IST)

मुलायम को मुख्यमंत्री बनाने के लिए लड़ेंगे अगला विस चुनाव : शिवपाल

मुलायम को मुख्यमंत्री बनाने के लिए लड़ेंगे अगला विस चुनाव : शिवपाल - Shivpal Yadav, Akhilesh Yadav, Samajwadi Party
लखनऊ। उत्तरप्रदेश की अखिलेश यादव सरकार से रविवार को बर्खास्त किए गए समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने इस कार्रवाई के बाद कहा कि उन्हें बर्खास्तगी की चिंता नहीं है और सपा के सभी लोग धैर्य से काम करते हुए सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में अगली सरकार बनाने के लिए चुनाव मैदान में जाएंगे।
अपने भतीजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा बर्खास्त किए गए शिवपाल ने अपने खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें बर्खास्तगी की कोई चिंता नहीं है। अब तो चुनाव सामने हैं और सपा के समर्पित कार्यकर्ता पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में जाएंगे।
 
मुख्यमंत्री अखिलेश को स्पष्ट संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जनता हमारे साथ है। हम फिर से नेताजी (मुलायम) के नेतृत्व में 2017 में सरकार बनाएंगे। सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव द्वारा सोमवार को बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक में कोई बड़ा फैसला हो सकता है।
 
शिवपाल ने किसी का नाम लिए बगैर आरोप लगाया कि सीबीआई जांच से बचने के लिए बड़े नेता भाजपा से मिल गए हैं। अखिलेश उनकी चाल नहीं समझ पा रहे हैं। राज्यपाल राम नाईक ने मुख्यमंत्री की सिफारिश पर मंत्री शिवपाल सिंह यादव, नारद राय, ओम प्रकाश सिंह तथा स्वतंत्र प्रभार की राज्यमंत्री सैयदा शादाब फातिमा को पद से बर्खास्त कर दिया है।
 
मुख्यमंत्री ने शिवपाल और अपने बीच जारी जंग को नया रूप देते हुए यह कदम ऐसे वक्त उठाया है, जब सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव सोमवार को सपा विधायकों, मंत्रियों और विधान परिषद सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं।
 
माना जा रहा है कि उनका इशारा सपा के राष्ट्रीय महासचिव और अखिलेश के हिमायती रामगोपाल यादव की तरफ है। नोएडा के पूर्व मुख्य अभियंता यादव सिंह द्वारा करोड़ों रुपए के घोटाला प्रकरण के छींटें रामगोपाल पर भी पड़े थे। फिलहाल सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
रामगोपाल यादव समाजवादी पार्टी से बर्खास्त