गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. sex tape scandal Kejriwal on target
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , गुरुवार, 1 सितम्बर 2016 (09:12 IST)

सेक्स स्कैंडल में फंसा पत्नी के पैर छूने वाला मंत्री, निशाने पर केजरीवाल...

सेक्स स्कैंडल में फंसा पत्नी के पैर छूने वाला मंत्री, निशाने पर केजरीवाल... - sex tape scandal Kejriwal on target
नई दिल्ली। रोज पत्नी के पैर छूने वाले दिल्ली के महिला-बाल विकास मंत्री संदीप कुमार की एक ‘आपत्तिजनक’ सीडी सामने आते ही मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उन्हें बर्खास्त कर दिया। इस मामले के सामने आते ही केजरीवाल पर विपक्ष के हमले और तेज हो गए। उन पर 15 दिनों से सीडी को दबाने के आरोप लग रहे हैं। भाजपा ने उनसे इस्तीफे की मांग की है।
 
भाजपा ने जहां दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की है वहीं कांग्रेस ने सवाल किया है कि ऐसे सदस्यों को निष्कासित क्यों नहीं किया गया।
 
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने समाज कल्याण मंत्री संदीप कुमार के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ सीडी मिलने के बाद आज एक आकस्मिक कदम के तहत उन्हें बर्खास्त कर दिया। इस सीडी में वह एक महिला के साथ कथित रूप से आपत्तिजनक दशा में हैं।
 
मंत्री को बर्खास्त करने का फैसला यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में किया गया जहां शीर्ष आप नेता मौजूद थे। बाद में केजरीवाल ने ट्वीट कर इस फैसले की घोषणा की।
 
इस घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया में दिल्ली भाजपा ने कहा है कि नैतिक रूप सेभ्रष्ट विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए केजरीवाल को जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।
 
भाजपा नेता विजेन्द्र गुप्ता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भ्रष्ट मूल्यों वाले लोगों को दिल्ली का प्रशासन सौंपने के लिए उन्हें पुरस्कृत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब तक ऐसा किसी भी सरकार में नहीं हुआ। 
 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने यह कहते हुए आप पर प्रहार किया कि छह मंत्रियों में से तीन कथित फर्जी डिग्री, भ्रष्टाचार और नैतिक पतन को लेकर पकड़े गए हैं। माकन ने कहा कि लेकिन किसने उन्हें चुना? क्यों उन्हें पार्टी से नहीं निकाला गया?
 
सूत्रों ने बताया कि सीडी में कथित रूप से कुमार एक महिला के साथ आपत्तिजनक दशा में नजर आ रहे हैं। कुमार के पास महिला एवं बाल विकास विभाग भी था।
 
कुमार सुलतानपुर माजरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह असीम अहमद खान के बाद बर्खास्त किए जाने वाले दूसरे मंत्री हैं। खान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री थे।
 
सूत्रों ने बताया कि कुमार को बर्खास्त करने का फैसला केजरीवाल के निवास पर आनन-फानन में बुलाई गई आप की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में किया गया। पिछले साल नौ अक्टूबर को केजरीवाल ने तत्कालीन पर्यावरण एवं वन मंत्री असीम अहमद खान को एक बिल्डर से छह लाख रुपए की कथित रूप से रिश्वत मांगने को लेकर बर्खास्त कर दिया था और इस मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
महिला दिवस पर यह बयान देकर छा गए था संदीप कुमार... अगले पन्ने पर...

दिल्ली के महिला एवं बाल विकास मंत्री रहे संदीप कुमार ने महिला दिवस के कार्यक्रम में मंच से कहा था कि महिलाओं का खूब सम्मान करता हूं। सुबह उठकर रोज पत्नी के पैर छूता हूं। 
 
संदीप कुमार ने कहा था कि जब से मेरी शादी हुई है तभी से मैं ऐसा करता आ रहा हूं। इस पर मंत्री को खूब वाहवाही मिली थी। संदीप की शादी 5 अप्रैल 2011 को हुई थी।