शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Scorching heat
Written By
Last Updated : सोमवार, 25 मई 2015 (12:20 IST)

भीषण लू से अब तक 432 की मौत, नौतपा शुरू

भीषण लू से अब तक 432 की मौत, नौतपा शुरू - Scorching heat
हैदराबाद/नई दिल्ली। देश के अनेक हिस्से गर्मी और लू-लपट को झेल रहे हैं और आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना में लू के प्रकोप ने अब तक 432 लोगों की जान ले ली है। राहत की कोई संभावना नजर नहीं आ रही और भारतीय मौसम विभाग ने दोनों दक्षिणी राज्यों में काफी गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

ज्योतिषियों के अनुसार 25 मई सोमवार को शाम 7.52 पर सूर्य का वृश्चिक लग्न और रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश होगा। इसके साथ ही नौतपा की शुरुआत हो जाएगी, जो 3 जून तक रहेगा।

राष्ट्रीय राजधानी में आज कड़ी धूप और ऊंचे तापमान के साथ तपती हवा चलती रही जिससे लोग बेहाल रहे। दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया और आद्र्रता का स्तर 27.5 से लेकर 52.2 प्रतिशत तक घटता बढ़ता रहा। उत्तर प्रदेश में भी लपटें चल रहीं हैं और प्रदेश में सबसे गर्म स्थान इलाहाबाद रहा जहां तापमान 47.7 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पहुंच गया। झारखंड के जमशेदपुर में आज मौसम का सबसे गर्म दिन रहा, जहां पारे का स्तर 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री ऊपर है।
 
ओडिशा में आज गर्मी का प्रकोप और बढ़ गया। राज्य में नौ जगहों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री जबकि 19 शहरों में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया। आंध्र प्रदेश में 18 मई के बाद से अब तक 246 लोग लू के प्रकोप के चलते मारे जा चुके हैं। प्रदेश में आज 84 और लोग इसका शिकार हो गये। आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अलग अलग जिलों से शाम 7:15 बजे तक एकत्रित सूचनाओं के आधार पर आंकड़े तैयार किये गये। अधिकारियों ने कहा कि राज्य के प्रकाशम जिले में सबसे ज्यादा 57 लोग मारे गए।
 
तेलंगाना के आपदा प्रबंधन विभाग की एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा कि राज्य में कल से लू के कारण 58 लोगों के मारे जाने के साथ अब तक 10 जिलों में कुल 186 लोग मारे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि नलगोंडा जिले में सबसे ज्यादा 55 लोग, खम्माम जिले में 43 और महबूबनगर जिले में 23 लोग मारे गए हैं। हैदराबाद में लू के कारण दो लोगों की मौत हो गयी। यह मामले तेलंगाना में 15 अप्रैल से दर्ज किये जा रहे हैं।
 
राजस्थान में गर्मी के प्रकोप से कोई राहत नहीं मिली। राज्य में जैसलमेर और श्रीगंगानगर जिले 45.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहे। कोटा में अधिकतम तापमान 45.5, बीकानेर में 44.6 और बाड़मेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शाम साढ़े चार बजे तक चुरू और जयपुर दोनों जगहों पर अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस था। जोधपुर, अजमेर और डबोक में अधिकतम तापमान क्रमश: 42, 41.4 और 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा)