गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Sanjay Nirupam
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , सोमवार, 15 सितम्बर 2014 (22:22 IST)

संजय निरूपम ने विनोद राय को कानूनी नोटिस भेजा

संजय निरूपम ने विनोद राय को कानूनी नोटिस भेजा - Sanjay Nirupam
नई दिल्ली। कांग्रेसी नेता संजय निरूपम ने आज पूर्व कैग विनोद राय को कानूनी नोटिस भेजकर उन पर मानहानि का आरोप लगाया और धमकी दी कि अगर उन्होंने अपनी टिप्पणियों के लिए माफी नहीं मांगी तो वह आपराधिक कार्यवाही शुरू करेंगे।
राय ने टिप्पणी की थीं कि निरूपम ने उन्हें 2जी रिपोर्ट से मनमोहन सिंह का नाम हटाने के लिए कहा था।
 
निरूपम के वकील ने नोटिस के जरिए राय से नोटिस मिलने के 15 दिन के भीतर लिखित में बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा। नोटिस में कहा गया कि कांग्रेस नेता के खिलाफ उनके द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद, झूठे और मनगढ़ंत हैं।
 
उन्होंने नोटिस में कहा कि ऐसा नहीं करने पर आपके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही सहित उचित कार्यवाही शुरू की जाएगी।
 
पूर्व कांग्रेसी सांसद ने राय की इन टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई कि कांग्रेसी सांसदों ने कैग के खिलाफ पीएसी में असंसदीय भाषा का उपयोग उस समय किया जब वह वहां मौजूद नहीं थे जिसके कारण पीएसी अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी को निरूपम के बारे में लोकसभा अध्यक्ष को लिखित शिकायत देनी पड़ी।
 
निरूपम के वकील ने राय पर जानबूझकर कांग्रेसी नेता का अपमान करने का प्रयास करने और उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। (भाषा)