बुधवार, 17 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Ravishanker on congress
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 4 अगस्त 2015 (11:09 IST)

भाजपा ने कहा, मोदी की लोकप्रियता पचा नहीं पा रही है कांग्रेस

भाजपा ने कहा, मोदी की लोकप्रियता पचा नहीं पा रही है कांग्रेस - Ravishanker on congress
नई दिल्ली। भाजपा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार की बढ़ती लोकप्रियता को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है और यही वजह है कि वह रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय नकारात्मक राजनीति पर उतर आई है।
 
भाजपा के वरिष्ठ नेता और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने संसद भवन परिसर में कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनावों में अपनी करारी हार को नहीं पचा पा रही है। उसे लगता है कि देश पर शासन करने का ठेका एक ही परिवार को है। पार्टी इस बात को पचा नहीं पा रही है कि एक गरीब परिवार का बेटा देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जा रहा है।
 
उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर संसद में बहस को तैयार है लेकिन कांग्रेस बहस नहीं चाहती है। उसे आशंका है कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अगर बोली तो कांग्रेस के कई काले कारनामे बाहर आ जाएंगे। बात निकलेगी तो दूर तलक जाएगी।
 
ललित मोदी प्रकरण और व्यापम घोटाले में सुषमा स्वराज, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के इस्तीफे की मांग पर हंगामा कर रहे कांग्रेस के 25 सदस्यों को कल लोकसभा से पांच दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया था। इसके खिलाफ कांग्रेस के सदस्यों ने आज संसद भवन परिसर में धरना दिया।
 
यह पूछने पर कि भाजपा ने भी तो यूपीए सरकार के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपी मंत्रियों के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद नहीं चलने दी थी, प्रसाद ने कहा कि सुषमा स्वराज पर कोई आरोप नहीं हैं जबकि यूपीए सरकार के मंत्रियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। कांग्रेस के नेता झूठे आरोप लगा रहे हैं। (वार्ता)