शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajya vardhan singh Rathore
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 30 सितम्बर 2016 (09:54 IST)

सैन्य नहीं, आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई : राज्य वर्धन सिंह राठौर

सैन्य नहीं, आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई : राज्य वर्धन सिंह राठौर - Rajya vardhan singh Rathore
नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री राज्य वर्धन सिंह राठौर ने भारतीय सेना द्वारा जम्मू और कश्मीर में सीमा पार की गई सीमित कार्रवाई को 'सैन्य कार्रवाई' नहीं बल्कि आतंकवादियों के खिलाफ की गई कार्रवाई करार दिया है।
राठौर ने गुरुवार को यहां कहा, 'यह सर्जिकल स्ट्राइक सैन्य कार्रवाई नहीं थी क्योंकि सैन्य कार्रवाई में बड़ी संख्या में सैन्यकर्मी होते हैं और भारी हथियारों का इस्तेमाल किया जाता है। यह सैन्य नहीं बल्कि आतंकवाद के विरुद्ध की गई कार्रवाई थी। इस कार्रवाई में सेना का उसी स्तर पर इस्तेमाल होता है जिससे आतंकवादियों और उनके ठिकानों का खात्मा किया जा सके।'
          
उन्होंने कहा कि आतंकवादी भारतीय सीमा में घुसपैठ करके निर्दोष लोगों की हत्या करके आतंक मचाने और भारी नुकसान पहुंचाने की फिराक में थे। भारतीय सेना ने इससे पहले ही नियंत्रण रेखा के पार जाकर उनके ठिकानों को ध्वस्त करने का काम किया है।
       
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने किसी देश की सीमा का उल्लंघन नहीं किया है। हमारे जवानों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में जाकर हमला किया है। पीओके भारत का हिस्सा है, इसलिए इस सर्जिकल स्ट्राइक में भारतीय सेना ने सीमा का उल्लंघन नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि यदि पाकिस्तान की तरफ से आतंकवादी गतिविधियां नहीं रुकती हैं तो भारत उसके खिलाफ कोई भी कार्रवाई कर सकता है। (भाषा)