मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi Kisan movement
Written By
Last Modified: जयपुर , गुरुवार, 8 जून 2017 (21:10 IST)

मृत किसानों के परिजनों से मिले राहुल गांधी

मृत किसानों के परिजनों से मिले राहुल गांधी - Rahul Gandhi Kisan movement
जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान की सीमा में मध्यप्रदेश के मंदसौर में पुलिस गोली से मृत किसानों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार नीमच में मध्यप्रदेश पुलिस की हिरासत से रिहा होने के बाद राजस्थान की सीमा पर पहुंचे राहुल ने मंदसौर के पीड़ित किसानों के परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव उनके साथ है और उनकी हर तकलीफ में मदद करेगी।
 
इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे। इससे पूर्व आज सवेरे उदयपुर के डबोक हवाई अड्डे पर पहुंचे राहुल कार के जरिये मंदसौर रवाना हुए। मंदसौर में यात्रा की मंजूरी नहीं मिलने के कारण पुलिस को चकमा देते हुए वे नीमच से पहले निंबाड से मोटरसाइकल से मंदसौर की ओर रवाना हुए।  
 
इस मोटरसाइकल को पहले राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट और बाद में मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने चलाई। वे कच्चे मार्ग से चिंताखेडा होते हुए नीमच सीमा पर पहुंच गए जहां पुलिस ने नीमच सीमा के नयागांव में उन्हें घेर लिया। इस पर वे पहले किसानों के साथ खेत में पहुंच गए। वहां पुलिस ने उन्हें और  उनके साथ 28 लोगों को हिरासत में ले लिया।  गिरफ्तारी के बाद गांधी ने किसानों के परिजन की अनुमति नहीं मिलने तक जमानत से इनकार किया। बाद में प्रशासन द्वारा किसानों के परिजन से मिलाने के आश्वासन के बाद उन्होंने मुचलका भरा। इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच कार से मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित एक गांव में किसानों के परिजन से मिलाने ले जाया गया।
 
 
नीमच के पुलिस अधीक्षक मनोजसिंह ने बताया कि जिले में निषेधाज्ञा लागू होने के कारण शांति भंग की आशंका में राहुल गांधी और 29 नेताओं  को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद सब डिवीजन मजिस्ट्रेट ने सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया। सिंह ने कहा कि गांधी और अन्य नेताओं को राजस्थान सीमा की ओर रवाना कर दिया गया है।
 
राहुल के साथ जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता शरद यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह , कमलनाथ, सचिन पायलट, मोहन  प्रकाश, अरुण यादव, अजय सिंह सहित गिरफ्तार सभी नेताओं को जावद तहसील में स्थित विक्रम रेस्ट हाउस में रखा गया था।  
 
हिंसाग्रस्त जिलों में शांति : किसान आंदोलन के चलते हिंसा की चपेट में आए मध्यप्रदेश में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी। हालांकि हिंसाग्रस्त सभी जिलों में स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आ रही है। मंदसौर जिले में गोलीबारी में छ: किसानों की मौत के बाद लगे कर्फ्यू में शाम दो घंटे की ढील भी दी गई। शाजापुर में उपद्रवियों ने कुछ वाहनों में आग लगाई और अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) के साथ मारपीट की। प्रदेश में पहले की तुलना में हालात काफी हद तक काबू में है, बावजूद इसके पुलिस प्रशासन बेहद ऐहतियात बरत रहा है।   
       
    
मंदसौर जिले में दो दिन से लगाया गया कर्फ्यू अब भी जारी है। आज उसमें शाम चार से छह बजे तक दो घंटे की छूट दी गई। इसमें लोगों ने बाजार से आवश्यक सामग्री खरीदी। स्थिति सुधरने पर प्रशासन ने कल छूट की अवधि बढ़ाने के संकेत दिए हैं।
 
शाजापुर जिला मुख्यालय पर मंडी में प्याज खरीदी का विरोध कर रहे उपद्रवियों ने एक ट्रक और तीन-चार बाइक में आग लगा दी। उपद्रव कर रहे लोगों ने एसडीएम राजेश यादव और कुछ मीडियाकर्मियों के साथ जमकर मारपीट भी की। उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए आंसू गैस और हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा। इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने वहां निषेधाज्ञा लागू कर दी।
 
कल राजमार्ग पर हिंसा की कई घटनाओं के सामने आने के बाद देवास जिले में भी आज सुबह से शांति कायम है। कल यहां उपद्रवियों ने यात्री बसों को निशाना बनाने के साथ कई अन्य वाहनों को भी चपेट में ले लिया था।   सीहोर में भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर अमलाहा टोल प्लाजा पर नजदीकी गांवों के ग्रामीणों ने एकत्रित होकर प्रदर्शन करते हुए पथराव कर दिया। 
 
पुलिस बल ने फौरन सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए अश्रु गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद उपद्रवी शांत हो गए। पुलिस अधीक्षक मनीष कपूरिया ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल है, जिसका उपचार किया जा रहा है, वहीं प्रदेश के गुना में भी आज रेल रोकने की कोशिश कर रहे 90 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। राजधानी भोपाल में भी गांधी की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। (वार्ता)