शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Praveen Togadia attacks on Modi and BJP
Written By
Last Modified: इलाहाबाद , गुरुवार, 28 जून 2018 (07:35 IST)

तोगड़िया का भाजपा पर हमला, जो भगवान श्रीराम का न हुआ वो देश का क्या होगा

तोगड़िया का भाजपा पर हमला, जो भगवान श्रीराम का न हुआ वो देश का क्या होगा - Praveen Togadia attacks on Modi and BJP
इलाहाबाद। नवगठित अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद (अहिप) के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने अयोध्या में राममंदिर निर्माण को लेकर केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो राम का न हुआ वो देश का क्या होगा।
 
तोगड़िया ने कहा कि यदि केन्द्र सरकार निर्धारित समयावधि में विधेयक नहीं लाती है तो संत समाज लखनऊ से अयोध्या तक मार्च करेगा। उन्होंने कहा कि हिन्दुओं के दम पर भाजपा है लेकिन भाजपा के दम पर हिन्दू नहीं है।
 
तोगड़िया ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद से अलग होने के बाद अब उनका एजेंडा अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण है। लखनऊ के बाद अयोध्या से होकर संगमनगरी पहुंचे तोगड़िया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर भी जमकर हमला बोला।
 
उन्होंने कहा कि इन लोगों से अब जनता का भरोसा उठ गया है। भाजपा अब जुमला पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि देश के 20 करोड़ हिंदुओं को एकजुट कर वह तीसरा विकल्प बनाएंगे। यह तीसरा विकल्प ही हिंदुओं के उत्थान का काम करेगा।
 
उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनवाने के लिए सरकार की ओर से कोई प्रयास न करना हिंदुओं से वादाखिलाफी है, यदि संसद से कानून बनवाकर जल्द ही मंदिर निर्माण नहीं शुरू कराया गया तो हिंदू अयोध्या कूच करेंगे।
       
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की हिन्दूवादी दल के तौर पर पहचान है हालांकि यह सरकार 2014 में जनता से किये वादों को पूरा करने में विफल रही है जिसका परिणाम है कि कश्मीर समेत राज्य के अन्य हिस्सों में हिन्दुओं के हितों का नुकसान हुआ है।
 
डॉ तोगड़िया ने कहा कि युवकों को रोजगार मुहैया कराने, कश्मीर से धारा 370 को हटाने, गौवध पर प्रतिबंध, बांग्लादेशियों के अवैध प्रवेश पर रोक, बच्चों को अच्छी शिक्षा और किसानों के कर्जमाफी और बेरोजगारों को रोजगार के नाम पर बरगलाया है। सरकार चार साल में सभी मोर्चों पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि देश की अधिसंख्य हिन्दू आबादी को उनके अधिकार दिलाने के लिए उनका संगठन आंदोलन को विवश हुआ है।
 
अहिप नेता ने इस मौके पर अयोध्या में श्रीराम जन्मस्थान मंदिर का मसौदा बिल जारी किया और दोहराया कि अयोध्या के साथ काशी और मथुरा के लिए हिन्दू समुदाय मांगपत्र पर हस्ताक्षर करेगा। उन्होंने कहा कि करीब दस लाख कार्यकर्ता दस करोड़ हिन्दू परिवारों के घर जाएंगे और अयोध्या, काशी और मथुरा में भव्य मंदिरों के निर्माण के मांगपत्र पर हस्ताक्षर कराएंगे।
 
उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनाने का नियत साफ हो तो निर्माण होने में देरी नहीं लग सकती लेकिन विडंबना है कि भाजपा के सत्ता में चार साल बिताने के बाद भी कानून बनाने का वादा पूरा नही हो सका है।
 
उन्होंने कहा कि मोदीजी विदेश दौरों में इतना मशगूल होने के बावजूद वहां मस्जिदों में जाकर मत्था टेकने का समय है लेकिन अयोध्या में भगवान राम के दरबार में शीश झुकाने का समय ही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिन्दू हितों के नाम पर उनकी भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। (वार्ता) 
ये भी पढ़ें
उत्तर भारत पहुंचा मानसून, अगले 24 से 48 घंटों में दिल्ली पहुंचने की संभावना