शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Petrol breaks record
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 31 अगस्त 2018 (14:00 IST)

पेट्रोल ने भी तोड़ा रिकॉर्ड, 86 रुपए प्रति लीटर बिका...

पेट्रोल ने भी तोड़ा रिकॉर्ड, 86 रुपए प्रति लीटर बिका... - Petrol breaks record
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के अधिकतर राज्यों में पेट्रोल के दाम शुक्रवार को रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुँच गए। डीजल की महंगाई भी नए ऐतिहासिक स्तर पर रही। मुंबई में पेट्रोल आज लगभग 86 रुपए प्रति लीटर बिका। 
 
कच्चे तेल की कीमतों में जारी तेजी और डॉलर की तुलना में रुपए के लुढ़कने के कारण दोनों ईंधनों के दाम लगातार छठे दिन बढ़े हैं। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार महानगरों दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में शुक्रवार को पेट्रोल के दाम 21 से 23 पैसे प्रति लीटर के बीच बढ़ाए गए जो इस साल 9 जुलाई के बाद की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। डीजल की कीमत 28 से 30 पैसे प्रति लीटर बढ़े जो इस साल 18 मई के बाद की सर्वाधिक वृद्धि है।
 
दिल्ली में पेट्रोल 22 पैसे महंगा होकर 78.52 रुपए प्रति लीटर बिका। इससे पहले इसका उच्चतम स्तर 78.43 रुपए प्रति लीटर था। यहां डीजल की कीमत भी 29 पैसे बढ़कर 70.21 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई। यह पहली बार है जब देश की राजधानी में डीजल 70 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंचा है। 
 
कोलकाता में पेट्रोल के दाम 21 पैसे और डीजल के 28 पैसे बढ़कर क्रमश: 81.44 रुपए और 73.06 रुपए प्रति लीटर के उच्चतम स्तर पर रहे।
 
चेन्नई में भी पेट्रोल ने शुक्रवार को सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। यहां पेट्रोल की कीमत 23 पैसे और डीजल की 30 पैसे की वृद्धि के साथ क्रमश: 81.58 रुपए 74.18 रुपए प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। 
 
देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 21 पैसे महंगा होकर 85.93 रुपए प्रति लीटर बिका। यह 2 जून के बाद का उच्चतम स्तर है। यहां डीजल की कीमत 30 पैसे बढ़कर 74.18 रुपए प्रति लीटर दर्ज की गई, जो अब तक सबसे ज्यादा है।
ये भी पढ़ें
छत्तीसगढ़ में जीत के चौके के लिए रमन सिंह अपनाएंगे 'अम्मा फॉर्मूला'...