मंगलवार, 19 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Parliament
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 23 नवंबर 2014 (10:43 IST)

लोकसभा में नहीं बदलेगा प्रश्नकाल का समय-सुमित्रा महाजन

लोकसभा में नहीं बदलेगा प्रश्नकाल का समय-सुमित्रा महाजन - Parliament
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि राज्यसभा की तरह लोकसभा में प्रश्नकाल का समय बदलने की कोई योजना नहीं है।
उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक में प्रश्नकाल के लिए पूर्वाह्न 11 बजे के समय को नहीं बदले जाने के उनके रुख पर किसी भी दल के नेता ने अलग विचार व्यक्त नहीं किया।
 
सुमित्रा महाजन ने कहा कि शून्यकाल से दिन की शुरुआत करने से बचा जाना चाहिए क्योंकि अक्सर इसमें हंगामा होता है। उन्होंने सुझाव दिया कि दिन की कार्यवाही की यह अच्छी शुरुआत नहीं होगी।
 
राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी ने कुछ दलों की आपत्तियों के बावजूद आगामी सत्र से प्रश्नकाल का समय पूर्वाह्न 11 बजे से बदल कर 12 बजे करने के अपने निर्णय पर आगे बढ़ने का फैसला किया है। उनके इस कदम के पीछे यह विचार है कि प्रश्नकाल के दौरान सदन की कार्यवाही सुगमता से चल सके।
 
सुमित्रा ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि शीतकालीन सत्र में संसद को सुचारू रूप से चलाने में वे सहयोग देंगे। इस बैठक में 18 दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी बैठक में हिस्सा लिया। 
 
इनमें कांग्रेस के लोकसभा में नेता मल्लिकाजरुन खड़गे, संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू एवं लोजपा के रामविलास पासवान शामिल थे।