गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Notbandi, Parliamentary committee, Urjit Patel, RBI
Written By
Last Modified: बुधवार, 18 जनवरी 2017 (20:24 IST)

नोटबंदी पर संसदीय समिति से क्या बोले आरबीआई गवर्नर उर्जित पटेल...

नोटबंदी पर संसदीय समिति से क्या बोले आरबीआई गवर्नर उर्जित पटेल... - Notbandi, Parliamentary committee, Urjit Patel, RBI
नई दिल्ली। समझा जाता है कि भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल ने नोटबंदी पर संसदीय समिति को बताया कि इस प्रक्रिया पर रिजर्व बैंक और सरकार के बीच बातचीत पिछले साल के आरंभ में शुरू हो गई थी।
सूत्रों ने कहा कि समिति में कांग्रेस के सदस्यों ने कई तरह के प्रश्न किए, मसलन बड़े नोटों को समाप्त करने का फैसला किसका था। उन्होंने आरबीआई की स्वायत्तता के संबंध में भी सवाल किया।
 
हालांकि सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली की अध्यक्षता वाली समिति के भाजपा सदस्यों ने बैठक में ज्यादा सवाल नहीं उठाए।
 
समिति के सवालों में यह भी शामिल था कि नोटबंदी की अवधि के दौरान कितनी राशि वापस आई और 500 तथा 2000 रुपए के कितने नए नोट छापे गए हैं और बैंकों को भेजे गए हैं। यह भी समझा जाता है कि नोटबंदी को बड़ी विफलता बताने वाले समिति के सदस्य मनमोहन सिंह ने भी इस मुद्दे पर प्रश्न पूछा।
 
सूत्रों के मुताबिक पटेल ने वित्त पर संसद की स्थाई समिति को नोटबंदी के विषय पर बताया कि रिजर्व बैंक और सरकार के बीच बातचीत पिछले साल की शुरुआत से चल रही थी।
 
सूत्रों ने बताया कि वित्त मंत्रालय ने बैठक में उठाए गए प्रश्नों का जवाब देने के लिए समिति से समय मांगा है। बैठक में वित्त सचिव ने समिति के समक्ष एक प्रस्तुतिकरण दिया। सूत्रों ने कहा कि सदस्य जवाबों से बहुत संतुष्ट नहीं दिखाई दिए।
 
देश में 500 और 1000 रुपए के पुराने नोटों को बंद करने के फैसले पर और उसके असर पर बातचीत के लिए यह महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी। आरबीआई गवर्नर 20 जनवरी को इसी मुद्दे पर संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) के समक्ष भी पेश हो सकते हैं। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
कोलकाता में आपात स्थिति में उतरा विमान