गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Nirbhaya , nirbhaya , Delhi gaingarepa, victim
Written By
Last Modified: बलिया , गुरुवार, 5 मार्च 2015 (14:56 IST)

निर्भया डॉक्यूमेंट्री प्रकरण : परिजन बीबीसी के खिलाफ जाएंगे अदालत

निर्भया डॉक्यूमेंट्री प्रकरण : परिजन बीबीसी के खिलाफ जाएंगे अदालत - Nirbhaya , nirbhaya , Delhi gaingarepa, victim
बलिया। दिल्ली सामूहिक बलात्कार कांड की पीड़िता के परिजनों ने घटना पर बनाई गई बीबीसी की डाक्यूमेंट्री में उनकी बेटी का नाम सार्वजनिक किए जाने पर कड़ी आपत्ति जाहिर करते हुए इस संबंध में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पीड़िता के पिता ने गुरुवार को बताया कि उनसे साफतौर पर कहा गया था कि वे हमारी बेटी का नाम और फोटो जाहिर नहीं करें...। उन्होंने ऐसा किया और यह सही नहीं है...। हम इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने बलात्कार के दोषी मुकेश के आपत्तिजनक बयानों पर विरोध जताया है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बीबीसी ने भारत सरकार को चुनौती दी है, भारत सरकार बीबीसी को माकूल जवाब देगी, इसका उन्हें भरोसा है।

पीड़िता के पिता ने साथ ही कहा कि दोषी मुकेश का जेल में इंटरव्यू किए जाने के मामले में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जो सजगता दिखाई है, उसकी वे प्रशंसा करते हैं और इसके साथ ही उनकी मांग है कि केंद्र सरकार उच्चतम न्यायालय में भी पहल करे ताकि लं‍बित मामले में अदालत का जल्द से जल्द निर्णय आ सके।

पीड़िता के पिता ने कहा कि उनको बताया गया है कि बीबीसी ने सरकार की रोक के बावजूद उनकी बेटी पर आधारित डाक्यूमेंट्री को अनेक देशों में प्रसारित किया है तथा इसमें उनकी बेटी का नाम व फोटो उजागर किया है, जो सरासर गलत है। उन्होंने बीबीसी को अपनी बेटी का नाम व फोटो उजागर करने से मना किया था।

उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि केंद्र सरकार रोक के बावजूद कार्यक्रम प्रसारित करने के मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में वे स्वयं भी अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।

इस डाक्यूमेंट्री में मुकेश का डाक्यूमेंट्री निर्माता लैसली उडविन द्वारा बीबीसी के लिए लिया गया साक्षात्कार शामिल हैं। मुकेश उस बस का ड्राइवर था जिसमें मूल रूप से बलिया निवासी 23 साल की पैरामेडिकल छात्रा के साथ 16 दिसंबर 2012 की रात को 6 लोगों द्वारा जघन्य बलात्कार किया गया था। वह स्वयं भी अपराध में शामिल था। मुकेश ने इस फिल्म में पीड़िता के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। (भाषा)