शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Navjot Singh Sidhu
Written By
Last Modified: मुंबई , बुधवार, 2 सितम्बर 2015 (20:44 IST)

नवजोत सिंह सिद्धू 22.5 करोड़ के कॉमेंट्री विवाद में फंसे

नवजोत सिंह सिद्धू 22.5 करोड़ के कॉमेंट्री विवाद में फंसे - Navjot Singh Sidhu
मुंबई। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और विशिष्ट अंदाज में क्रिकेट कॉमेंट्री के लिए मशहूर नवजोत सिंह सिद्धू एक नए विवाद में फंस गए हैं और 22.5 करोड़ रुपए का यह विवाद अदालत की दहलीज तक पहुंच गया है। स्टार इंडिया ने सिद्धू पर आरोप लगाते हुए अदालत में गुहार लगाई है कि उन्होंने उसके साथ किए गए 22.5 करोड़ रुपए के अनुबंध का उल्लंघन किया है।
अंग्रेजी अखबार 'मिड-डे' के अनुसार बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस आरडी धानुका ने स्टार इंडिया द्वारा दायर आर्बिट्रेशन प्रक्रिया की याचिका स्वीकार कर ली है और मुंबई के वकील जाल आंध्याजुजिना को मध्यस्थ नियुक्त किया है। 
 
दरअसल, 2013 में स्टार इंडिया ने नवजोत सिंह सिद्धू के साथ क्रिकेट कॉमेंट्री करने के लिए तीन साल का अनुबंध 22 करोड़ 50 लाख में किया था। इसमें उन्होंने एक्सक्लूसिव ऑब्लिगेशन की शर्त पर यह अनुबंध स्वीकार किया था। 
 
सिद्धू ने 2014 में हुए इंडियन प्रीमियर लीग में स्टार इंडिया के लिए कॉमेंट्री न करते हुए प्रतिद्वंद्वी चैनल पर कॉमेंट्री की थी। स्टार इंडिया का कहना है कि सीधे-सीधे सिद्धू ने करार का उल्लंघन किया है। सिद्धू द्वारा तय अनुबंध (22 करोड़ 50 लाख) को तोड़ने की स्थिति में स्टार इंडिया अब उनसे अभी तक दी गई राशि मय हर्जाने के साथ मांग कर रहा है। 
 
स्टार इंडिया ने इस अनुबंध के लिए सिद्धू को 6 महीनों के भीतर 8 करोड़ रुपए की राशि एडवांस में दी थी। उन्होंने जब 2013 में स्टार इंडिया के साथ कांट्रेक्ट साइन किया था, तब पहली शर्त यह थी कि वे आने वाले तीन सालों तक अपनी सेवाएं सिर्फ स्टार इंडिया को देंगे। कांट्रेक्ट के मुताबिक 2013 में सिद्धू को 150 दिनों तक आईपीएल में कॉमेंट्री करनी थी। इसके बाद 2014 और 2015 में उन्हें स्टार इंडिया को 180 दिनों तक अपनी सेवाएं देनी थीं।
 
स्टार इंडिया का आरोप है कि 2013 में सिद्धू ने 150 दिनों के बजाय केवल 41 दिन कॉमेंट्री की। 2014 के आईपीएल सीजन में वे स्टार इंडिया को अपनी सेवाएं देने के बजाय सोनी चैनल से जुड़ गए। यह अनुबंध की प्रमुख शर्त का उल्लंघन था। 
 
इसी बीच खबर है कि जस्टिस आरडी धानुका ने स्टार इंडिया और सिद्धू के साथ एक बैठक ली है। इस पूरे विवाद में अभी तक सिद्धू की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।