गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Mohan Bhagwat
Written By
Last Updated :नागपुर , शनिवार, 25 अक्टूबर 2014 (16:57 IST)

भागवत से मिले गडकरी, महाराष्ट्र पर कोई चर्चा नहीं

भागवत से मिले गडकरी, महाराष्ट्र पर कोई चर्चा नहीं - Mohan Bhagwat
नागपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत से मुलाकात की और ‘महत्वपूर्ण’ मुद्दों पर चर्चा की, हालांकि उन्होंने कहा है कि इस दौरान महाराष्ट्र की राजनीति के बारे में कोई बातचीत नहीं हुई।
 
गडकरी की इस मुलाकात से एक दिन पहले महराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र फड़नवीस ने भागवत से भेंट की थी। नागपुर से सांसद गडकरी शहर के महल इलाके में स्थित संघ भवन अपने दोपहिया वाहन से गए।
 
मुलाकात के बाद गडकरी ने कहा कि मैंने सरसंघचालकजी (भागवत) से मुलाकात की है। यह हर साल की तरह दिवाली पर होने वाली नियमित मुलाकात थी। हमने महाराष्ट्र की राजनीति और मुख्यमंत्री पद को छोड़कर कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की है।
 
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ संघ प्रमुख की मुलाकात उस वक्त हो रही है, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली में शनिवार को राजग के सांसदों को चाय पार्टी देने जा रहे हैं। हाल ही में जब गडकरी दिल्ली से नागपुर पहुंचे थे तो उस वक्त भागवत शहर से बाहर थे। गडकरी का यहां भव्य स्वागत किया गया था।
 
बीते 19 अक्टूबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद भाजपा में मुख्यमंत्री पद को लेकर हलचल तेज हुई। पार्टी के विधायकों के एक धड़े ने गडकरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की खुलकर पैरवी की। 
 
भाजपा को 288 सदस्यीय विधानसभा में 122 सीटें मिली हैं और 1 सीट उसकी एक सहयोगी को मिली है। विदर्भ क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले भाजपा के कई विधायकों ने गडकरी से मुख्यमंत्री बनने का अनुरोध किया और 3 विधायकों ने एक कदम आगे बढ़ते हुए उनके लिए अपनी सीट खाली करने तक की पेशकश कर दी।
 
शुरुआत में मुख्यमंत्री पद की दौड़ से खुद को बाहर रखने वाले गडकरी ने उस वक्त अटकलों को और हवा दे दी, जब उन्होंने कहा कि वे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से दी जाने वाली किसी भी जिम्मेदारी को निभाने को तैयार हैं।
 
इसके बाद गुरुवार को फड़नवीस से उनके निवास पर मुलाकात के बाद गडकरी ने कहा कि वे दिल्ली में ही खुश हैं। गडकरी शनिवार को सुबह मुंबई रवाना हुए। अगले कुछ दिनों में भाजपा के विधायक अपना नेता चुन सकते हैं। (भाषा)