शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Make in India Programme, Mumbai, Fire
Written By
Last Updated :मुंबई , रविवार, 14 फ़रवरी 2016 (23:55 IST)

मुंबई में 'मेक इन इंडिया' के कार्यक्रम में आग

मुंबई में 'मेक इन इंडिया' के कार्यक्रम में आग - Make in India Programme, Mumbai, Fire
मुंबई। मुंबई के गिरगांव चौपाटी में चल रहे 'मेक इन इंडिया सप्ताह' के दौरान रविवार को आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में आग लग गई। घटना के बाद वहां मौजूद मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन समेत कई जानी-मानी हस्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, यह  हादसा उस वक्त हुआ जब ‘मेक इन इंडिया सप्ताह’ के दौरान यहां एक सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इस घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है।
 
आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया है। जिस समय हादसा हुआ उस दौरान वहां फडणवीस, ठाकरे, अमिताभ बच्चन, आमिर खान गीतकार प्रसून जोशी के अलावा कई लोग मौजूद थे। इन सभी को  घटनास्थल से सुरक्षित निकाल लिया गया है। हादसे के कुछ मिनटों पहले ही अमिताभ ने स्टेज पर प्रस्तुति दी थी। 
 
जब मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत महाराष्ट्र का लावणी नृत्य चल रहा था, उसी समय आग का धुआं उठना शुरू हुआ। पहले लगा कि यह कार्यक्रम का कोई  हिस्सा है लेकिन जैसे ही आग तेज होती गई फडणवीस उठ  खड़े  हुए और लोगों को सतर्क किया।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने ट्वीट किया है कि प्रधानमंत्री ने आग के संबंध में फोन पर सारी जानकारी ली है। फडनवीस ने कहा, मंच पर लावणी नृत्य चल रहा था कि अचानक मंच के नीचे से आग की लपटें दिखाई दीं, तब मैंने स्वयं लोगों को वहां से हटाया। (वार्ता)