बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. M. Venkaiah Naidu, Demonetization
Written By
Last Updated : रविवार, 1 जनवरी 2017 (14:38 IST)

विपक्ष के एकजुट होने से सरकार को कोई खतरा नहीं : नायडू

विपक्ष के एकजुट होने से सरकार को कोई खतरा नहीं : नायडू - M. Venkaiah Naidu, Demonetization
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने कहा है कि नोटबंदी के मुद्दे पर विपक्षी दलों का साथ आना केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के लिए कोई खतरा नहीं है और उन्होंने अगले लोकसभा चुनाव से पहले किसी नए राजनीतिक समीरण के बनने की संभावना को खारिज किया।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता से 'जलन करने वाले' विपक्षी दलों की एकजुटता महज अवसरवाद है और यह सफल नहीं होगी। नायडू ने एक साक्षात्कार में कहा कि किसी भी नए राजनीतिक समीकरण से सामाजिक समीकरण या वैचारिक समीकरण परिलक्षित होना चाहिए। यह सत्ता की लालसा से पैदा हुए अवसरवाद पर आधारित नहीं हो सकता इसलिए यह सफल नहीं होगा। उनसे सवाल किया गया था कि क्या नोटबंदी को लेकर भाजपा विरोधी दलों के बीच कोई राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना है?
 
संसद के हालिया शीतकालीन सत्र में इन विपक्षी दलों के साथ आने के बारे में पूछे जाने पर नायडू ने कहा कि विपक्ष नोटबंदी के बाद प्रधानमंत्री की लोकप्रियता से 'जलन' रखता है। शुरू में इन लोगों ने इस कदम का स्वागत किया फिर धीरे-धीरे इनको यह लगा कि वह और भी लोकप्रिय होते जा रहा है। इसके बाद इन पार्टियों ने इसके खिलाफ अपना पक्ष रखने के लिए कमियां तलाशनी शुरू कर दीं। फिर मीडिया में लोग कह रहे हैं कि राजनीतिक दलों का नया समीकरण बन रहा है।
 
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि ये विपक्षी दल जनता के पास नहीं जा रहे हैं, सिर्फ टीवी स्टूडियो में बातें कर रहे हैं। वे संयुक्त रूप से संवाददाता सम्मेलन का आयोजन कर रहे हैं और फिर अलग होते जा रहे हैं। संसद में अवरोध पैदा करने वाली इनकी रणनीतियों को लोगों ने नहीं सराहा है।
 
नायडू ने कहा कि इन विपक्षी दलों की एकजुटता टूटने के लिए ही बनी है, क्योंकि इनमें वैचारिक एकता नहीं है। वे किसी कार्यक्रम पर एक राय नहीं हैं तथा वे नेतृत्व को लेकर भी एकमत नहीं हैं। (भाषा)