गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. JNU case, JNU student dispute
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , शनिवार, 13 फ़रवरी 2016 (20:26 IST)

जेएनयू विवाद : पूर्व सैन्यकर्मियों ने दी डिग्री लौटाने की धमकी

जेएनयू विवाद : पूर्व सैन्यकर्मियों ने दी डिग्री लौटाने की धमकी - JNU case, JNU student dispute
नई दिल्ली। संसद हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी दिए जाने के खिलाफ जेएनयू कैंपस में हुए कार्यक्रम को लेकर विवादों के बीच विश्वविद्यालय के छात्र रह चुके पूर्व सैन्यकर्मियों ने अपनी डिग्री लौटाने की धमकी देते हुए कहा है कि ऐसे संस्थान के साथ उन्हें अपने को जोड़ना मुश्किल लगता है, जो राष्ट्र विरोधी गतिविधियों का अड्डा बन गया है। 
54 वें एनडीए पाठ्यक्रम के पूर्व सैन्यकर्मियों ने जेएनयू के कुलपति जगदीश कुमार को एक खत में कहा, विश्वविद्यालय में अफजल गुरु दिवस समारोह जैसी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर हम लाचार महसूस कर रहे और ऐसी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त विश्वविद्यालय की मौजूदा छात्र बिरादरी को लेकर अपमानित महसूस करते हैं।
 
इसमें कहा गया है, हमारा मानना है कि जेएनयू कैंपस में मौजूदा गतिविधियां विश्वविद्यालय के पूर्व डिग्री धारकों के बलिदान को नजरंदाज करता है और अगर विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह की गतिविधि होने दी जाती है तो हम अपना सम्मान आपके संस्थान को लौटाना चाहेंगे।
 
अफजल गुरु को फांसी दिए जाने के खिलाफ कैंपस में कार्यक्रम को लेकर देशद्रोह के मामले में जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के एक दिन बाद पूर्वसैनिकों का यह पत्र आया है। (भाषा)