शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. India, Pakistan, Abdul Basit, terrorism, terrorist attack, Uri terrorist attack
Written By
Last Modified: रविवार, 25 सितम्बर 2016 (20:25 IST)

पाकिस्‍तानी उच्‍चायुक्‍त बोले, 'युद्ध समस्या का समाधान नहीं'

पाकिस्‍तानी उच्‍चायुक्‍त बोले, 'युद्ध समस्या का समाधान नहीं' - India, Pakistan, Abdul Basit, terrorism, terrorist attack, Uri terrorist attack
नई दिल्ली। पाकिस्तान ने भारत से उसके खिलाफ युद्धोन्माद फैलाने की अनुमति नहीं देने का आग्रह करते हुए कहा है कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता है। भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने कोलकाता के एक अंग्रेजी समाचार पत्र को दिए साक्षात्कार में भारत के इस आरोप को खारिज किया कि पाकिस्तान आतंकवादी राष्ट्र है। 
उन्होंने कहा कि ऐसी लफ्फाजी से कुछ नहीं होगा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के उड़ी में हुए आतंकवादी हमले के बाद की स्थिति को मुश्किल बताते हुए उम्मीद जताई कि इसका कूटनीतिक समाधान किया जा सकता है। 
 
बासित ने कहा कि हम मुश्किल स्थिति में हैं लेकिन हम युद्ध के बारे में नहीं सोच रहे हैं। जंग समाधान नहीं है। इससे और मुश्किलें पैदा होती हैं। हमें अपने भाषणों को असरदार बनाने के लिए युद्धोन्माद फैलाने की इजाजत नहीं देनी चाहिए। दोनों पक्षों को परिपक्वता दिखानी होगी और बातचीत को कुछ समय के लिए किनारे रखा जा सकता है लेकिन हमारी चुनौतियों का समाधान बातचीत और शांतिपूर्ण उपायों से ही हो सकता है।
 
उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कूटनीतिक ढंग से समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा। मैं राजनयिक हूं और आशावादी हूं। बासित ने पाकिस्तान पर आतंकवादी राष्ट्र का ठप्पा लगा जाने की कोशिशों पर कहा कि पाकिस्तान भी इस तरह के लुभाने वाले मुहावरे दे सकता है लेकिन इससे कुछ नहीं होगा, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय संबंधों में लफ्फाजी से काम नहीं चलता है। 
 
उड़ी हमले में पाकिस्तान की भूमिका के बारे में उन्होंने जोर देकर कहा कि उसका हमले से कुछ लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि हम नहीं जानते। हम अपने क्षेत्र से दुनिया में किसी भी जगह हिंसा की इजाजत नहीं देने के प्रति वचनबद्ध हैं। यही बात मैंने आपके विदेश सचिव से कही, जब उन्होंने मुझे बुलाया था।
 
इस सवाल पर कि पाकिस्तान अपनी धरती से जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद और हिज्बुल मुजाहिदीन प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन को भारत के खिलाफ युद्ध जैसी स्थिति लाने की इजाजत क्यों देता है? बासित ने कहा कि आपकी बात सही हो सकती है लेकिन भारत में इस तरह के स्वर मिलते हैं। हमारी या आपकी नीति उनके भड़काऊ भाषणों से नहीं चलती है। 
 
सोशल मीडिया में लगातार छाई लेकिन इन अपुष्ट खबरों पर कि भारतीय सेना ने सीमा पार आतंकवादी शिविरों पर अभियान चलाकर उड़ी हमले का बदला ले लिया है, बासित ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। पाकिस्तान अपनी रक्षा करने में सक्षम है लेकिन उन्हें नहीं लगता कि चीजें इस हद तक बढ़ेंगी। (वार्ता) 
ये भी पढ़ें
रिलायंस जियो का सीओएआई पर नया हमला...