बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. india earthquake in 2015
Written By
Last Updated : शनिवार, 25 अप्रैल 2015 (23:40 IST)

भूकंप: नेपाल में अब तक 1500 और भारत में 55 लोगों की मौत

भूकंप: नेपाल में अब तक 1500 और भारत में 55 लोगों की मौत - india earthquake in 2015
नई दिल्ली। नेपाल सहित समूचे उत्तर और पूर्वी भारत में भूकंप के जबरदस्त झटके से समूचा भारत दहशत में है। इस भूकंप की तीव्रता नेपाल में 7.9 मापी गई। नेपाल में भूकंप के 17 बार झटके महसूस किए गए। अब तक नेपाल में 1500 और भारत में 55 लोगों की मौत का समाचार है। नेपाल में भारत के 600 से  अधिक यात्री फंसे हैं, जिनमें से 80 नेपाल से है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूकंप के मद्देनजर इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। वायुसेना को भी तैयार रहने के लिए कहा गया है।

यह भूकंप भारत में 11 बजकर 41 मिनट पर आया। लगभग 2 मिनट तक आए इस भूकंप का केंद्र नेपाल के पोखरा से लगभग 80 किलोमीटर दूर लामजुम में बताया गया। इसके बाद दौबारा भूकंप 12 बजकर 19 मिनट पर आया। भूकंप से भारत के कई राज्य प्रभावित हुए हैं जिनमें दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ पश्‍चिम बंगाल, असम, सिक्किम, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और झारखंड है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्च‍िम बंगाल, उड़ीसा व नॉर्थ-ईस्ट समेत कई राज्यों में तेज भूकंप के चलते लोग घरों और ऑफिसों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।

भूकंप के तुरंत बाद मोदी ने ट्विट किया, ‘हम और जानकारी पता लगाने में जुटे हैं तथा देश और नेपाल में प्रभावितों तक पहुंचने की दिशा में काम कर रहे हैं।’ प्रधानमंत्री कार्यालय ने बाद में ट्विट किया कि मोदी ने बिहार और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों से बात की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्विट किया, ‘पीएम नरेन्द्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भूकंप के संबंध में बात की। भूकंप के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने सिक्किम के मुख्यमंत्री श्रीपवन चामलिंग से बात की।’ प्रधानमंत्री ने नेपाल के राष्ट्रपति राम बरन यादव से भी बात की।  हालात का जायजा लेने के लिए मोदी ने  3 बजे वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई।

भारत का हाल : भारत में बिहार में 38, उत्तर प्रदेश में 12 और बंगाल में 5 लोगों सहित 55 की मौत का समाचार है। बताया जा रहा है कि भूकंप के सबसे ज्यादा झटके पश्चिम बंगाल में महसूस किए गए। पहली बार झटके लगातार एक मिनट तक महसूस हुए। दोबारा आने वाला भूकंप भी करीब 20 सेकेंड तक रहा। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा, 'नेपाल सीमा से लगी बहुत बड़ी पट्टी पर भूकंप आया है। भूकंप की तीव्रता 7.5 मापी गई, जो बहुत ज्यादा है। हम सभी हालात का जायजा लेने में लगे हुए हैं।'

नेपाल के हाल : नेपाल में भूकंप से तबाही, सरकार ने घोषित किया आपातकाल। नेपाल में कुछ  इमारतों के गिरने की खबर। बताया जाता है कि समूचे नेपाल में भारी नुकसान हुआ है। नेपाल की मशहूर 9 मंजिला धारहरा मीनार धराशायी होने की खबर। इसे नेपाल की कुतुब मीनार भी कहा जाता है। इसके मलबे में 400 लोगों के फंसे होने की संभावना है। हादसे में 1500 लोगों की मौत हो गई। नेपाल के अस्पतालों में भीड़ को देखते हुए अब सड़कों पर ही लोगों का इलाज किया जा रहा है। भूकंप से देश में कई ऐतिहासिक इमारतें नष्ट हो गई। आशंका व्यक्त की जा रही है कि नेपाल में भारी जानमाल का नुकसान हुआ है।