बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. IGNCA, IGNCA president, Central government, journalist Rambhadur Roy
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 14 अप्रैल 2016 (20:42 IST)

आईजीएनसीए के अध्‍यक्ष बने राम बहादुर राय

आईजीएनसीए के अध्‍यक्ष बने राम बहादुर राय - IGNCA, IGNCA president, Central government, journalist Rambhadur Roy
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र न्यास (आईजीएनसीए) के बोर्ड का पुनर्गठन कर वरिष्ठ पत्रकार राम बहादुर राय को इसका अध्यक्ष नियुक्त किया है।
 
राय को पूर्व राजनयिक चिन्मय गरेखान के स्थान पर इस प्रतिष्ठित संस्था की कमान सौंपी गई है। प्रसिद्ध नृत्यांगना सोनल मान सिंह, फिल्म निर्देशक चंद्र प्रकाश द्विवेदी, गीतकार प्रसून जोशी, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. महेशचंद्र शर्मा तथा नितिन देसाई सहित 19 लोगों को बोर्ड का सदस्य बनाया गया है। 
इनके अतिरिक्त के. अरविंद राव, वासुदेव कामत, डॉ. भरत गुप्ता, एम. शेषन, रति विनय झा, निर्मला शर्मा, हर्ष नेवतिया, पद्मा सुब्रह्मण्यम, सरयू दोशी, डीपी सिन्हा, विराज याज्ञनिक, संस्कृति मंत्रालय के सचिव, संस्कृति मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं आर्थिक सलाहकार और आईजीएनसीए के सदस्य सचिव को नया सदस्य नियुक्त किया गया है। पद्मा सुब्रहम्णयम एकमात्र ऐसी सदस्य हैं, जो पिछले बोर्ड की भी सदस्य थीं। 
 
संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने इस निर्णय के पीछे राजनीतिक मंशा से इंकार करते हुए कहा कि बदलाव एक निरंतरता एवं स्वाभाविक प्रक्रिया है। न्यास में इससे पहले 2000, 2004 और 2007 में इसी तरह से बदलाव किया गया था। नवगठित न्यास में राय सहित सभी बहुत प्रतिष्ठित लोग हैं। राय एक जाने-माने गांधीवादी हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए लोगों के साथ यह संस्था नई ऊंचाइयां हासिल करेगी। 
 
निवर्तमान अध्यक्ष गरेखान ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त की कि इसमें कुछ भी अस्वाभाविक नहीं है। बदलाव करना हर सरकार का अधिकार है और ऐसा हमेशा होता आया है। 
 
कांग्रेस ने न्यास में इस बदलाव की आलोचना करते हुए कहा कि नए न्यास में ऐसे लोगों को शामिल किया गया है, जो नेहरू-इंदिरा के विचारों के विरोधी रहे हैं। इन लोगों में इस संस्था को आगे ले जाने की उम्मीद नहीं की जा सकती है। पार्टी के प्रवक्ता आनंद शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार लगातार विभिन्न संस्थाओं में एक खास विचारधारा के लोगों को बिठाने में जुटी है। (वार्ता)