मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Heatwave kills 1412 in India
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 29 मई 2015 (00:51 IST)

भीषण गर्मी और लू से 1826 लोगों की मौत

भीषण गर्मी और लू से 1826 लोगों की मौत - Heatwave kills 1412 in India
नई दिल्ली। देश के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या गुरुवार को 1826 हो गई जिनमें से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कल से अब तक 414 लोगों की मृत्यु हुई है।
आंध्रप्रदेश में लू से मरने वालों की कुल संख्या 1334 है जबकि तेलंगाना में 440 लोग लू की चपेट में आकर मारे जा चुके हैं। कल आंध्र प्रदेश में यह संख्या 1020 और तेलंगाना में 340 थी। इसके अलावा ओडिशा से 43, गुजरात से सात और दिल्ली में दो लोगों के लू से मरने की खबर है।
 
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिन लू चलना जारी रहेगा। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में भी लू का प्रकोप जा हिमाचल प्रदेश के निचले इलाकों में भी गर्मी का स्तर बढ़ गया है और उना में तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
 
तेलंगाना में कल से अब तक 100 लोगों की मौत हो चुकी है। हैदराबाद में तेलंगाना आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, आज शाम सात बजे तक मिली सूचना के अनुसार मरने वालों की संख्या 440 हो चुकी है। कल यह संख्या 340 थी।
 
तेलंगाना में 15 अप्रैल से अब तक नलगोंडा जिले में 126 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा खम्माम में 82, करीमनगर में 95 और महबूबनगर में 37 लोगों की मृत्यु हो गई है। आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया, रात साढ़े आठ बजे तक मिली सूचना के अनुसार राज्य में मरने वालों की कुल संख्या 1334 हो गई है।
 
आंध्रप्रदेश में प्रकाशम जिले में सबसे ज्यादा 305 लोग लू की वजह से मारे गए हैं। इसके अलावा गुंटूर जिले में 197, पूर्वी गोदावरी में 158, विशाखापत्तनम (विजाग) में 157, विजयनगरम में 128, कृष्णा जिले में 66, चित्तूर में 56, कडप्पा में 34, कुर्नूल और अनंतपुर में 28. 28 और नेल्लोर में 102 लोग मारे गए हैं।
 
दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने कल आसमान साफ रहने की उम्मीद जताई है। हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में भी तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और दोनों राज्य में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी है।
 
हरियाणा में हिसार सबसे गर्म रहा जहां पर तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के भी कई क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोत्तरी देखी गई और लू का प्रभाव बना रहा। राज्य में इलाहाबाद सबसे गर्म रहा जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रहा। (भाषा)