गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. harassed on train womans tweet gets aid from suresh prabhu
Written By
Last Updated : शनिवार, 28 नवंबर 2015 (09:29 IST)

'मैं ट्रेन में हूं और डरी हुई हूं...प्लीज हेल्प मी'

'मैं ट्रेन में हूं और डरी हुई हूं...प्लीज हेल्प मी' - harassed on train womans tweet gets aid from suresh prabhu
मुंबई। महाराष्ट्र में एक ट्रेन में अकेले यात्रा कर रही एक महिला यात्री को उस समय अधिकारियों की तत्काल सहायता मिली जब उसने रेल मंत्री सुरेश प्रभु के ट्विटर हैंडल पर एक ट्वीट कर मदद की मांग की।
मध्य रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि यात्री की पहचान नम्रता महाजन के रूप में की गई है, जिसने गुरुवार को शेगांव रेलवे स्टेशन से गुजरने के दौरान प्रभु के ट्विटर हैंडल पर शाम को छह बजकर 59 मिनट पर एक ट्वीट किया था।
 
उन्होंने ट्वीट किया, ‘प्लीज ट्रेन नंबर 18030 में मदद करें। शेगांव पर एक पुरुष यात्री मुझे परेशान कर रहा है। मैं ट्रेन में हूं और डरी हुई हूं।’
 
मध्य रेलवे के मुख्य पीआरओ नरेंद्र पाटिल ने बताया कि एक वरिष्ठ अधिकारी वेद प्रकाश ने तुरंत ट्वीट देखा और महिला की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए उनसे संपर्क किया। उन्होंने बताया कि जब 40 मिनट में ट्रेन भुसावल रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो आरपीएफ जवानों ने महिला की मदद की।
 
महिला ने बताया कि वह ट्रेन में अकेले सफर कर रही हैं। वेटिंग लिस्ट के एक यात्री का व्यवहार ठीक नहीं है जिससे वह घबरा गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुरुष यात्री गालियों का प्रयोग कर रहा है। महाजन ने तसल्ली मिलने के बाद ट्वीट कर रेलमंत्री का आभार व्यक्त किया।