गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Giriraj Singh
Written By
Last Updated :पटना , गुरुवार, 2 अप्रैल 2015 (14:04 IST)

मुश्किल में गिरिराज : सड़क पर कांग्रेस, नाइजीरिया भी नाराज

मुश्किल में गिरिराज : सड़क पर कांग्रेस, नाइजीरिया भी नाराज - Giriraj Singh
पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी के बारे में की गई टिप्पणी पर मचा बवाल थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू समेत कई शहरों में गिरिराज के खिलाफ प्रदर्शन किए। दूसरी ओर राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि उनका कद सोनिया गांधी के ‘तलवे के बराबर भी नहीं’ है और इसके लिए उनके चेहरे पर कालिख पोती जानी चाहिए। गिरिराज के बयान ने नाइजीरिया को भी नाराज कर दिया है।
 
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक समूह ने आज दिल्ली में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के घर के बाहर प्रदर्शन किया। जल्द ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बैनर छीन लिए और सिंह के पुतले को आग लगाने के प्रयास को असफल कर दिया। बाद में उन्हें पुलिस बसों में भरकर ले जाया गया।
 
कांग्रेस कार्यकर्ता बेंगलुरू में उस होटल से तकरीबन एक किलोमीटर दूर एक प्रमुख चौराहे पर जमा हुए, जहां शीर्ष भाजपा नेता पार्टी के दो दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के लिए जमा हुए हैं। 
 
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिंह के खिलाफ नारे लगाए और उनका पुतला दहन किया। बाद में, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटा दिया।

इससे पहले नई दिल्ली से पटना पहुंचे लालू ने कहा कि गिरिराज का कद सोनिया गांधी के ‘तलवे के बराबर भी नहीं’ है। सभी जानते हैं कि वे (गिरिराज) किस पृष्ठभूमि से आए हैं।
 
राजद सुप्रीमो ने कहा कि गिरिराज को चूड़ी, सिंदूर, बिंदी लगाकर उनके चेहरे पर कालिख पोती जानी चाहिए क्योंकि उन्होंने भद्रता की मर्यादा लांघी है।
 
उन्होंने कहा कि गिरिराज ने लोकसभा चुनाव के समय यह कहकर कि जो नरेंद्र मोदी को वोट नहीं देगा पाकिस्तान जाए, धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश की थी।
 
लालू ने गिरिराज के बयान पर भाजपा और आरएसएस पर प्रहार करते हुए उनके जैसे लोगों को सजा दिए जाने के लिए देश में सख्त कानून बनाए जाने चाहिए। ऐसी टिप्पणी को हल्के तौर पर नहीं लिया जाना चाहिए। देश में लोकतंत्र है और लोग माफी मांगने से संतुष्ट हो जाते हैं पर यह काफी नहीं है।
 
अगले पन्ने पर... गिरिराज के घर पर फेंके अंडे, टमाटर... 

युवा कांग्रेस के एक समूह ने बुधवार को पटना में स्थित गिरिराज के मकान पर उनकी टिप्पणी पर विरोधस्वरूप अंडे और टमाटर फेंके।
 
बिहार युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशीष कुमार ने बताया कि यह विरोध तो मात्र सांकेतिक था और मंत्री के पटना आने के बाद इसका व्यापक रूप देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि वे अपने नेताओं के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं कर सकते।
 
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गिरिराज के आवास पहुंची। श्रीकृष्णापुरी थाना अध्यक्ष मनोज मोहन ने बताया कि मंत्री के आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
 
इस बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि गिरिराज सिंह बड़बोले राजनेता के तौर पर जाने जाते रहे हैं।
 
चौधरी ने कहा कि गिरिराज ने राष्ट्रीय पार्टी की अध्यक्ष के बारे में टिप्पणी की है जो निश्चित रूप से एक ‘रेसिस्ट कमेंट’ है जो कि इस बात को प्रमाणित करता है वह दिमागी तौर पर दिवलियेपन का शिकार हो चुके हैं।
 
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गिरिराज को तुरंत मंत्रिमंडल से हटाए जाने की मांग की।
अगले पन्ने पर... नाइजीरिया भी नाराज...

नाइजीरिया के दिल्ली स्थिति कार्यवाहक उच्चायुक्त ओबी ओकोंगोर ने गिरिराज के बयान पर कड़ा एतराज जताया है। 
 
उन्होंने उम्मीद जताई है कि गिरिराज बयान को लेकर नाइजीरियाई लोगों से माफी मांगेंगे। उन्होंने इस बात की उम्मीद जताई कि भारत सरकार इस मामले में उपयुक्त कदम उठाएगी। (एजेंसियां)