शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Ghulam Ali Program canceled
Written By
Last Updated : गुरुवार, 8 अक्टूबर 2015 (10:19 IST)

गुलाम अली को कार्यक्रम रद्द होने से धक्का लगा

गुलाम अली को कार्यक्रम रद्द होने से धक्का लगा - Ghulam Ali Program canceled
नई दिल्ली। पाकिस्तान के जाने-माने गजल गायक गुलाम अली द्वारा मंबई में 9 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम को शिवसेना की धमकी के बाद रद्द किए जाने से निराशा प्रकट करते हुए उन्होंने आज कहा कि इससे उन्हें काफी धक्का लगा है। 
एक टीवी चैनल के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, 'मैं निराश नहीं हूं लेकिन इससे बहुत धक्का लगा है। मैने भारत में हमेशा प्यार पाया है। यह कार्यक्रम जगजीत सिंह के सम्मान में रखा गया था। वह मेरे भाई के समान थे।'
 
गजल सम्राट ने कहा कि वे अपने संगीत के माध्यम से प्यार बांटने का काम करते हैं। उनका यह भी कहना था कि संगीत की कोई सीमा नहीं है। उन्होंने कहा, 'मेरी आवाज सीमाओं के साथ बंधी नहीं है। मैं सिर्फ अपने संगीत के माध्यम से प्यार बरसाता हूं। संगीत अल्लाह, भगवान और ईश्वर है। इस तरह का विवाद संगीत के लिए नुकसानदायक है।'
 
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी गजल गायक के मुंबई आने की खबर सुनते ही शिवसेना ने उनके शो का विरोध शुरू कर दिया था। शिवसेना की धमकी के बाद आयोजकों ने शो को रद्द कर दिया था। (वार्ता)