गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Forbes list
Written By
Last Modified: न्यूयॉर्क , मंगलवार, 3 मार्च 2015 (20:18 IST)

फोर्ब्‍स की अरबपति सूची में 5 भारतीय महिलाएं

फोर्ब्‍स की अरबपति सूची में 5 भारतीय महिलाएं - Forbes list
न्यूयॉर्क। पांच भारतीय महिलाओं ने फोर्ब्‍स की अरबपतियों की सूची में जगह बनाई है। इस साल की अरबपतियों की सूची में रिकॉर्ड संख्या में महिलाएं हैं। हालांकि कुल अरबपतियों में अब भी उनकी हिस्सेदारी महज 11 प्रतिशत है। 
 
पिछले साल की अरबपतियों की सूची में केवल दो भारतीय महिलाएं शामिल थीं। वैश्विक स्तर पर 1,826 अरबपतियों में 197 महिलाएं हैं, जबकि 2014 में महिला अरबपतियों की संख्या 172 थी।
 
फोर्ब्‍स की इस साल की अरबपतियों की सूची में भारतीय महिलाओं में सावित्री जिंदल व उनका परिवार 283वें पायदान पर है और उनका नेटवर्थ 5.3 अरब डॉलर है जो 2014 में 4.9 अरब डॉलर था।
 
मीडिया कंपनी बेनेट कोलमैन एंड कंपनी की प्रमुख इंदु जैन 3.1 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ 603वें पायदान पर हैं। इस बीच, अनु आगा अपनी इंजीनियरिंग फर्म थरमैक्स के शेयरों में उछाल आने से वे फिर से अरबपतियों की सूची में शामिल हो गईं। डेढ़ अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ अनु आगा 1,312वें पायदान पर हैं।
 
अरबपतियों की सूची में शामिल अन्य भारतीय महिलाओं में कीमत राय गुप्ता की पत्नी विनोद गुप्ता 1.2 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ 1,533वें पायदान पर हैं। पिछले साल नवंबर में हैवल्स इंडिया के प्रमुख कीमत राय गुप्ता का निधन हुआ। हैवल्स इंडिया का शेयर भाव पिछले साल 74 प्रतिशत बढ़ा है जिससे विनोद गुप्ता अरबपतियों की फेहरिस्‍त में शामिल हो गईं।
 
बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार शॉ एक अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ 1,741वें पायदान पर हैं। वैश्विक स्तर पर क्रिस्टी वॉल्टन 41.7 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ दुनिया की सबसे अमीर महिला हैं। 
 
वॉल्टन को वॉलमार्ट में हिस्सेदारी विरासत में मिली है। वहीं लिलियन बेटेनकोर्ट 40.7 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ दुनिया की दूसरी सबसे अमीर महिला हैं। वे कॉस्मेटिक्स कंपनी लोरियल की मूल वारिस हैं।
 
वहीं तीसरी सबसे अमीर महिला एलिस वॉल्टन हैं जो कि वॉलमार्ट के संस्थापक सैम वॉल्टन की बेटी हैं और उनका नेटवर्थ 39.4 अरब डॉलर है।
 
फोर्ब्‍स के मुताबिक, अरबपतियों की सूची में शामिल ज्यादातर महिलाआों ने संपत्ति या तो अपने पति से या अपने पिता से विरासत में हासिल की है, जबकि 29 प्रतिशत महिलाएं अपने दम पर अरबपति बनी हैं। (भाषा)