गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Firing on Border
Written By
Last Updated :जम्मू , मंगलवार, 4 अगस्त 2015 (12:50 IST)

बाज नहीं आया पाक, सीमा की 12 चौकियों पर भारी गोलीबारी

बाज नहीं आया पाक, सीमा की 12 चौकियों पर भारी गोलीबारी - Firing on Border
जम्मू। संघर्ष विराम का एक बार फिर उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार को जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा चौकियों और सीमावर्ती गांवों पर गोलीबारी की तथा मोर्टार दागे जिसमें एक युवक की मौत हो गई।
 
बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने कहा, 'जम्मू जिले के कानाचक और परगवाल सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित भारतीय सीमा चौकियों पर पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह पांच बजकर 40 मिनट से छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार दागे।'
 
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने इन सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 12 सीमा चौकियों को निशाना बनाया।


एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने इन सेक्टरों के सीमावर्ती गांवों को भी निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि जम्मू के परगवाल क्षेत्र के हमीरपुर कोना में पाकिस्तानी मोर्टार के फटने से 22 वर्षीय संजय कुमार की मौत हो गई। मोर्टार दागे जाने से कानाचक और परगवाल के सीमावर्ती इलाकों में दहशत फैल गई।
 
 
आज के संघर्ष विराम उल्लंघन के साथ अगस्त में पाकिस्तानी सैनिकों ने अब तक आठ बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।
 
दो और तीन अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने चार बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था और छोटे हथियारों से पुंछ और जम्मू जिलों में कृष्णाघाटी, मंडी, बलाकोट और पल्लनवाला सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की थी।
 
पाकिस्तानी सैनिकों ने कल जम्मू जिले में अखनूर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तीन सीमा चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार दागे थे।
 
जुलाई में भारत-पाकिस्तान सीमा पर 18 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया, जिसमें तीन जवानों सहित चार लोग मारे गए और 14 अन्य घायल हो गए। (भाषा)