शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Nepal Earthquake
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , रविवार, 26 अप्रैल 2015 (21:24 IST)

भारत ने 34 सदस्यीय चिकित्सकीय टीम नेपाल भेजी

भारत ने 34 सदस्यीय चिकित्सकीय टीम नेपाल भेजी - Nepal Earthquake
नई दिल्ली। भारत ने भूकंप प्रभावित नेपाल के लिए रविवार को 15 टन चिकित्सकीय आपूर्ति के साथ  चिकित्सकों और तकनीशियनों की 34 सदस्यीय एक टीम भेजी। नेपाल में शनिवार को आए विनाशकारी  भूकंप में सैकड़ों लोग मारे गए थे। अधिकारियों ने बताया कि यह टीम नेपाल के लिए वायुसेना के एक  विमान में रवाना हुई।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि रविवार को नेपाल के लिए 15 टन चिकित्सकीय साजोसामान रवाना किया  गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने नेपाल में आपात चिकित्सकीय राहत मुहैया कराने के लिए 34 सदस्यीय  चिकित्सकीय टीम भी भेजी है जिसमें 10 आर्थोपेडिक सर्जन, 4 एनीस्थिटिस्ट्स, 12 पुरुष नर्स और 8  ओटी तकनीशियन शामिल हैं।
 
इसके साथ ही जलशोधन संयंत्र स्थापित करने और संचालित करने के लिए तीन तकनीशियन भी भेजे  गए हैं। मंत्रालय ने शनिवार को के विनाशकारी भूकंप के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा है।  उसने स्थिति का पूरा जायजा लिया है और सबसे अधिक प्रभावित बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए सभी  तरह की सहायता भेजी गई है।
 
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा स्वयं निजी रूप से स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने स्थिति की  एक पूरी विस्तृत समीक्षा की और निर्देश दिए हैं।
 
नड्डा ने शनिवार को ट्वीट किया कि रविवार को के भूकंप में जन और सम्पत्ति नुकसान होने का दुख  है। स्वास्थ्य सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एक स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने कहा कि  मंत्रालय बिहार और उत्तरप्रदेश पर नजदीकी नजर रख रहा है, जहां 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई  है।
 
अधिकारी ने कहा कि प्रभावित राज्यों में स्वास्थ्य सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हमने राज्यों  को अनौपचारिक रूप से यह कहा है कि जिस भी मदद की जरूरत होगी हम भेजने को तैयार हैं चाहे वह  दवाएं हो, चिकित्सकीय टीम हो, पैरामेडिक या उपकरण हों।
 
इस बीच रविवार को भारत के विभिन्न हिस्सों में ताजा झटके महसूस किए गए जिसमें राष्ट्रीय राजधानी  दिल्ली भी शामिल है, वहीं शनिवार को के भूकंप में मृतक संख्या बढ़कर 57 हो गई है। (भाषा)