गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. David Headley deposition on Mumbai attack
Written By
Last Updated :मुंबई , गुरुवार, 11 फ़रवरी 2016 (09:19 IST)

मुंबई हमला : हेडली के तहव्वुर राणा कनेक्शन का खुलासा

मुंबई हमला : हेडली के तहव्वुर राणा कनेक्शन का खुलासा - David Headley deposition on Mumbai attack
मुंबई। 26/11 मुंबई हमला मामले में पाकिस्तानी-अमेरिकी आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली ने गुरुवार को मुंबई की अदालत बताया कि 14 सितंबर 2006 को उसने मुंबई के टारडियो एसी मार्केट में एक ऑफिस खोला था। जब वह मुंबई में था तो उसे तहव्वुर राणा ने पैसे दिए थे।
 
हेडली की मुंबई की एक अदालत के समक्ष गुरुवार को चौथे दिन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गवाही शुरू हो गई। सरकारी वकील उज्ज्वल निकम सुबह ही कोर्ट पहुंच गए।
 
हेडली ने बताया कि जब वह मुंबई में था तो उसे डॉ तहव्वुर राणा से 11 अक्टूबर 2006 को 66,605 रुपए मिले थे।
फिर राणा ने उसे 7 नवंबर 2006 को 500 अमेरिकी डॉलर दिए थे। उसके बाद उसने 30 नवंबर को 17636 रुपए और 4 दिसंबर को 1000 डॉलर लिए।
 
उसने बताया कि उसने सभी पैसे इंडसलैंड बैंक के नरीमन शाखा से लिए थे। उसने बताया कि आतंकी हमले से पहले राणा मुंबई आया था। उसने राणा को अमेरिका जाने की सलाह दी ताकि वह किसी मुसीबत में न फंस जाए।
 
उसने बताया कि भारत आने से पहले उसे मेजर इकबाल से 25 हजार डॉलर और साजिद मीर से 40 हजार पाकिस्तानी रुपए मिले थे। अब्दुर रहमान पाशा से उसे 18 हजार रुपए मिले थे।
 
उसने बताया कि 1 नवंबर 2006 को अपने मकान मालिक बोरा से मुंबई ऑफिस के लिए एग्रीमेंट किया था। उसमें दिए गए सभी तथ्य सही थे।
 
उल्लेखनीय है कि तकनीकी खराबी के कारण कल हेडली की गवाही नहीं हो पाई थी।