शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक में 15 सीटों के उपचुनाव के नतीजे आज, होगा येदियुरप्पा सरकार के भाग्य का फैसला
Written By
Last Updated : सोमवार, 9 दिसंबर 2019 (08:08 IST)

कर्नाटक में 15 सीटों के उपचुनाव के नतीजे आज, होगा येदियुरप्पा सरकार के भाग्य का फैसला

Yeddyurappa | कर्नाटक में 15 सीटों के उपचुनाव के नतीजे आज, होगा येदियुरप्पा सरकार के भाग्य का फैसला
बेंगलुरु। कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे आज सोमवार को आएंगे। दोपहर तक सभी परिणाम आने की उम्मीद है। इन चुनाव के नतीजों से 4 महीने पुरानी येदियुरप्पा सरकार के भाग्य का फैसला होगा। उपचुनाव में बीजेपी को कम से कम 6 सीटें जीतनी होगी जिससे कि सदन में बहुमत बरकरार रहे।

कर्नाटक में उपचुनाव अठानी, कगवाड़, गोकक, येलापुर, हिरेकेरूर, रानीबेन्नूर, विजयनगर, चिकबेलापुर, केआर पुरम यशवंतपुरा, महालक्ष्मी लेआउट, शिवाजीनगर, होसाकोटे, केआर पेटे, हुनसूर सीटों पर हुए हैं।
 
चुनाव में जीत की प्रार्थना करने हेतु मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा मंदिर गए और भगवान मंजूनाथ का आशीर्वाद लिया। कर्नाटक के ग्रामीण विकास मंत्री केएस ईश्वरप्पा भी मंदिर गए और विशेष पूजा की। जेडीएस के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने भी शिर्डी के साईंबाबा मंदिर पहुंचकर पूजा की। उनके साथ पार्टी के विधान परिषद सदस्य टीए श्रवण मौजूद थे।
 
भाजपा के पास मौजूदा समय में 105 विधायक हैं। इसमें 1 निर्दलीय विधायक भी शामिल है। कांग्रेस की निगाहें भी नतीजों पर टिकी हुई हैं। कांग्रेस के नेता जेडीएस के साथ फिर से गठजोड़ का संकेत दे रहे हैं। कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद ने कहा कि नतीजों से बहुत सी चीजें बदल जाएंगी। येदियुरप्पा के सत्ता में आने से पहले कांग्रेस-जेडीएस की सरकार कांग्रेस के 14 व जेडीएस के 3 विधायकों के इस्तीफे से गिर गई थी। सभी बागी विधायकों को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने अयोग्य करार दे दिया। अब 15 सीटों पर उपचुनाव कराए गए हैं। 2 सीटों के लिए हाईकोर्ट में मामला चल रहा है।

येदियुरप्पा का दावा, भाजपा जीतेगी 15 में से 13 सीटें : बेंगलुरु में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने दावा किया कि राज्य में 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को 13 सीटें मिलेंगी जबकि शेष 2 सीटें कांग्रेस और जद (एस) को मिलेंगी।
 
कर्नाटक में 5 दिसंबर को हुए 15 सीटों के लिए उपचुनाव के नतीजे 9 दिसंबर को आएंगे। राज्य में सत्ता में बने रहने के लिए भाजपा को इनमें से कम से कम 6 सीटें जीतना जरूरी है। येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा 15 में से कम से कम 13 सीटें जीतेगी जबकि कांग्रेस और जद (एस) को 1-1 सीट से संतोष करना पड़ेगा।
 
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी अगले साढ़े 3 साल में राज्य का समग्र विकास करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विपक्षी कांग्रेस और जद (एस) सुचारु रूप से प्रशासन चलाने में उनकी मदद करेंगे।
 
येदियुरप्पा ने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और अगले विधानसभा चुनाव में कम से कम 150 सीटें जीतकर फिर से सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष में ही रहेगी। कांग्रेस और जद (एस) के 17 बागी विधायकों को अयोग्य ठहराए जाने से खाली हुई सीटों को भरने के लिए 15 सीटों पर उपचुनाव हुआ है।
ये भी पढ़ें
लोकसभा में आज पेश होगा NRC विधेयक, BJP ने सांसदों के लिए जारी किया व्हिप