बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Congress
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , बुधवार, 1 अप्रैल 2015 (20:01 IST)

कांग्रेस ने की गिरिराज को बर्खास्त करने की मांग

कांग्रेस ने की गिरिराज को बर्खास्त करने की मांग - Congress
नई दिल्ली। कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के बारे में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। 
 
सिंह ने हाल ही में बिहार के हाजीपुर में एक बयान में कहा था कि अगर राजीव गांधी नाइजीरिया की किसी महिला से विवाह करते और वह गोरी न होती तो क्या कांग्रेस पार्टी उनका नेतृत्व स्वीकार करती। 
 
कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को यहां एक वक्तव्य में कहा कि पार्टी केंद्रीय मंत्री की इस असंयमित एवं अशिष्ट टिप्पणी की कड़ी निंदा करती है।
 
उन्होंने कहा कि लगता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लगातार खुश रखने की चाह में सिंह अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। इस तरह की टिप्पणियां भाजपा और उसके कैडर में नैतिक मूल्यों की कमी को दर्शाती है।
 
सुरजेवाला ने कहा कि सिंह इस तरह की खीज निकालने वाली टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं। पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने मोदी का विरोध करने वाले लोगों को देश छोड़कर पाकिस्तान चले जाने को कहा था। शायद वे एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने उनके घर से चोरी किए  गए 1 करोड़ से अधिक रुपए वापस लेने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आचरण के लिए पुरस्कृत करके मोदी ने उन्हें मंत्री बनाया है।
 
कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी मंत्रिमंडल के सदस्य तथा भाजपा के सांसद एक-दूसरे को इस तरह के शर्मनाक आचरण में पीछे छोड़ने में लगे हैं। हाल ही में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजना ज्योति की  दिल्ली चुनाव के दौरान की गई टिप्पणी, सांसद साक्षी महाराज का राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को शहीद बताना और एक अन्य मंत्री वीके सिंह के विगत में सेना प्रमुख के बारे में  दिए गए बयान और हाल में ट्विटर पर मंत्री के रूप में अपनी ड्यूटी निभाने के संबंध में की गई  टिप्पणी को सबने देखा है।
 
सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री को गिरिराज सिंह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए और देश  से माफी मांगनी चाहिए। इस बीच भाजपा के प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उनकी पार्टी  रंग और जाति को लेकर राजनीति नहीं करती। वह सबका साथ और सबका विकास में विश्वास रखती  है।
 
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि गिरिराज सिंह की टिप्पणी भाजपा की सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी शर्मनाक तथा रंगभेदी है। ऐसे लोगों को मंत्रिमंडल से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने पहली बार ऐसा विवादास्पद बयान नहीं दिया है और वे पहले भी ऐसा कर चुके हैं।
 
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की नेता वृंदा करात ने कहा कि सिंह इस तरह के बयान देते रहते हैं और यह प्रधानमंत्री का कर्तव्य है कि वे इस स्थिति को सार्वजनिक रूप से ठीक करें। उन्होंने सवाल किया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री के मन की बात क्या है और कहा कि उनकी चुप्पी ऐसी बातों को बढ़ावा देती है।
 
जनता दल यू के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि वे सिंह की टिप्पणी से सहमति नहीं रखते और रंगभेद तथा नस्लभेद के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि सो‍निया ने खुद को भारतीय संस्कृति के अनुरूप ढाला है। (वार्ता)