मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Cold wave in North India
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 25 दिसंबर 2015 (21:27 IST)

उत्तर भारत में शीतलहर, लेह में तापमान -16 डिग्री

उत्तर भारत में शीतलहर, लेह में तापमान -16 डिग्री - Cold wave in North India
नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को तापमान में और गिरावट आई और जम्मू कश्मीर के लेह में पारा शून्य से नीचे 16.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है।
 
राजधानी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री कम था। शहर के कुछ हिस्सों में घना कोहरा था और दृष्यता 1,000 मीटर दर्ज की गई।
 
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया 'सुबह साढ़े आठ बजे न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री और आद्रता 83 फीसदी दर्ज की गई।' जम्मू कश्मीर में शीतलहर है और ज्यादातर इलाकों में तापमान कल की तुलना में नीचे ही गया।
 
मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.2 डिग्री दर्ज किया गया जो एक दिन पहले की रात के शून्य से कम 4.0 डिग्री तापमान से एक डिग्री कम है। प्रसिद्ध डल झील, कई जल इकाइयों तथा नलों में पानी जम गया है।
 
लद्दाख के सीमावर्ती लेह में रात का तापमान शून्य से नीचे 16.2 डिग्री दर्ज किया गया जो एक रात पहले शून्य से कम 12.9 डिग्री था। लेह राज्य में सबसे ठंडा स्थान था।
 
समीपवर्ती करगिल में तापमान शून्य से नीचे 15.0 डिग्री रहा जो एक रात पहले शून्य से नीचे 14.5 डिग्री था। (भाषा)