मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Cold wave
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 26 दिसंबर 2014 (00:32 IST)

शीतलहर और कोहरे ने ली 12 लोगों की जान

शीतलहर और कोहरे ने ली 12 लोगों की जान - Cold wave
नई दिल्ली। उत्तर भारत का एक बड़ा हिस्सा शीत लहर की चपेट में है और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कंपकंपाती सर्दी और कोहरे के कारण अब तक उत्तर प्रदेश में 9 तथा पंजाब में तीन लोगों सहित 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
 
जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान जमाव बिंदु से भी नीचे बना हुआ है जबकि मैदानी क्षेत्र के घने कोहरे से ढंका होने के कारण आम जीवन प्रभावित हुआ है। यातायात व्यवस्था विशेष रूप से प्रभावित हुई है और करीब 100 ट्रेनें देर से चल रही हैं। कोहरे के कारण उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।
 
राष्ट्रीय राजधानी में सुबह लोगों को कड़ाके की सर्दी के साथ ही घने कोहरे का सामना करना पड़ा। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बाधित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान मौसम के औसत तापमान छह डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री नीचे रहा।
 
इस बीच रेल अधिकारियों ने बताया कि रांची, कोलकाता, भुवनेश्वर और गुवाहाटी से आने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित 90 से ज्यादा रेलगाड़ियां देर से चल रही हैं।
 
उत्तर प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी और गलन के साथ ही घने कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। प्रदेश में ठंड और कोहरे के कारण कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है।
 
अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण दृश्यता सीमा घट जाने से हुई अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई।
 
बाराबंकी में 55 वर्षीय एक व्यक्ति और दो साल के एक बच्चे की ठण्ड लगने से मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में भी दो लोगों की ठंड के कारण मौत होने की खबर है।
 
मौसम विभाग के मुताबिक शाहजहांपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 2।5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब और पड़ोसी राज्य हरियाणा भी कोहरे की चपेट में है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। पंजाब में अमृतसर में पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। पंजाब के गुरदासपुर में कोहरे के कारण एक जीप-ट्रक टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई।
 
हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। उधर कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया, जिससे कई जलाशय जम गए हैं।
 
राजस्थान में भी बर्फीली हवाओं और घने कोहरे के चलते सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राजस्थान के बीकानेर में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से नीचे चला गया, वहीं घने कोहरे के कारण हुए एक सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई। क्षेत्र के अन्य स्थानों से भी कंपकंपाती सर्दी से लोगों के परेशान होने की खबरें हैं। (भाषा)