मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Christmas
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 25 दिसंबर 2015 (20:57 IST)

देशभर में मनाया गया क्रिसमस का जश्न

देशभर में मनाया गया क्रिसमस का जश्न - Christmas
नई दिल्ली। देशभर में पूरे हर्षोंल्लास और पारंपरिक तरीके से शुक्रवार को क्रिसमस का त्यौहार मनाया गया। जश्न की शुरुआत ‘मिडनाइट मास’ से हुई और फिर कैरोल की धूम रही।
 
ईसा मसीह का जन्मदिन मनाने के लिए लोग भारी संख्या में चर्चों में एकत्र हुए। रात को घंटियों की आवाज के साथ ही श्रद्धालु गिरजाघरों और कैथ्रेडलों में पहुंचे जो ईसा मसीह का जन्मदिन मनाने की खातिर मिडनाइट मास के लिए पूरी तरह सजे हुए थे। रोशनी, खूबसूरत क्रिसमस ट्री और उपहारों से भरे पड़े बाजारों में भीड़ नजर आई। सामुदायिक भोजों का आयोजन हुआ, लोगों ने एक दूसरे को बधाइयां दीं और जुलूस निकाले।
 
हवाओं में परंपरागत क्रिसमस कैरोल की गूंज सुनाई दी और जोस्पेल बैंड ने ‘जिंगल बेल्स’, ‘ओ होली नाइट’ तथा ‘सैंटा क्लॉज इज कमिंग टू टाउन’ जैसे गीत बजा कर त्यौहार का आनंद दोगुना कर दिया। लाल ड्रेस, सफेद दाढ़ी और फुंदने वाली टोपी पहने सैंटा क्लॉज के लिए आज का दिन बहुत व्यस्तता भरा था क्योंकि वह जगह जगह जा कर लोगों से मिल रहे थे, उन्हें बधाई दे रहे थे।
 
दिल्ली में क्रिसमस के जश्न में ठंड का कोई असर नजर नहीं आया। बाजारों में सैंटा कैप पहने लोग खरीदारी करते रहे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सैक्रेड हार्ट कैथ्रेडल गए और लोगों को बधाई दी।
 
गैर ईसाई समुदाय के लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये शुभकामनाएं दीं तथा क्रिसमस पार्टियों में हिस्सा लिया। व्हाट्सएप्प, फेसबुक और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से दिन भर बधाइयों का सिलसिला चलता रहा।
 
क्रिसमस और नए साल के जश्न के कारण गोवा में पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। हर जगह लोगों का हुजूम है। कई स्थानों पर पारंपरिक नृत्य समारोहों का आयोजन किया गया है।
 
राज्य भर में ईसा मसीह के जीवन के प्रतीक के रूप में घरों के बाहर पालने स्थापित किए गए हैं। मेरी इम्मैक्युलेट कंसेप्शन चर्च के एक पादरी जॉन रोड्रिग्स ने कहा, ‘‘सबसे बड़ा पालना वेलसाओ में है।’’ हर आकार के पालनों के सेट खरीदे गए।
 
पणजी चर्च में भी एक बड़े आकार का पालना स्थापित किया गया है जो पर्यटकों के आकषर्ण का केंद्र बन गया है। मुख्य पादरी फिलिप नेरी फेराओ ने क्रिसमस की बधाई दी।
 
केरल में भी धूमधाम से क्रिसमस मनाया गया। इस अवसर पर गिरजाघरों में वरिष्ठ पादरियों ने क्रिसमस पर संदेश दिए। पत्तम में सायरो मलंकारा कैथोलिक चर्च के सेंट मेरी कैथ्रेडल में कार्डिनल मार बेसलियोस क्लीमिस ने आधी रात को प्रार्थना का नेतृत्व किया। पलायम में सेंट जोसेफ मेट्रोपोलिटन कैथ्रेडल में प्रधान पादरी सूसा पाकियम ने प्रार्थना का नेतृत्व किया।
 
केरल के राज्यपाल पी सदाशिवम, मुख्यमंत्री ओमन चांडी, विपक्ष के नेता वी एस अच्युतानंदन और विभिन्न दलों के नेताओं ने लोगों को क्रिसमस की बधाई दी।
 
मेघालय की राजधानी शिलांग में सरकारी और निजी इमारतों को क्रिसमस ट्री, बैनरों और बंदनवारों से सजाया और रोशन किया गया। पुलिस बाजार में सबसे पुराने चर्चों में से एक चर्च में मूक बधिरों के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिलांग कैथोलिक कैथ्रेडल में मुख्य पादरी रेव डोमिनिक जाला ने प्रार्थना का नेतृत्व किया।
 
मेघालय के राज्यपाल ने वी षणमुगनाथन ने कहा, ' हम शांति, सहनशीलता, दया, प्रेम और भाईचारे का मूल्यवान और शाश्वत संदेश देने वाले ईसा मसीह का जन्मदिन मनाते हैं।'
 
इस बीच मिजोरम में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर विभिन्न आरोपों में 98 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 77 लोगों को शराब पीकर हंगामा करने के मामलों में गिरफ्तार किया गया। मिजोरम में 20 फरवरी, 1997 से मिजोरम मद्य पूर्ण प्रतिबंध कानून, 1995 लागू था जिसके स्थान पर गत 15 जनवरी से मिजोरम मद्य प्रतिबंध एवं नियंत्रण कानून, 2014 लागू किया गया।
 
नगालैंड में भी हर्षोंल्लास के साथ क्रिसमस मनाया गया।
 
श्रीनगर से मिली खबर के अनुसार कश्मीर में क्रिसमस का त्योहार जोश एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। पूरी घाटी में गिरजाघरों में सामूहिक और विशेष प्रार्थनाएं की गईं।